लखनऊ। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party ) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भरोसा जताया कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी जिसके मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) होंगे। बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में श्री यादव ने बुधवार को चार चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया जिसमें नवादा में कौशल यादव, जमुई से प्रत्याशी शमशाद आलम, बांका जिला के बेलहार विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी चाणक्य प्रकाश और भागलपुर के नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी शेख जियाउल हसन शामिल है।
यादव ने कहा कि पूरे बिहार में इंडिया गठबंधन के पक्ष में बदलाव की बयार चल रही है। पूरा देश बिहार की तरफ देख रहा है। बिहार की जनता ने हमेशा देश को संदेश देने का काम किया है। बिहार में सरकार बदलेगी। इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। श्री तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। बिहार की जनता इस बार नौजवान मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। नयी सरकार में नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के एजेंडे में नौकरी और रोजगार नहीं है। भाजपा की प्राथमिकता में किसान, नौजवान नहीं है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया है। इस चुनाव में बिहार की जनता केंद्र की भाजपा के सरकार के 10 साल और प्रदेश की राजग सरकार के 20 सालों का हिसाब देगी। बिहार में भाजपा को 30 सालों की सरकार का हिसाब देना है। भाजपा ने बिहार को महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन के अलावा कुछ नहीं दिया है।
भाजपा ने बिहार के बजट की लूट की है। भ्रष्टाचार और लूट के पैसे को बंडल बनाकर बिहार से बाहर भेज दिया। बिहार का बजट और बिहार का पैसा बिहार में खर्च होना चाहिए। बिहार के विकास पर खर्च होना चाहिए। बिहार तभी होगा जब भाजपा सत्ता से हटेगी। बिहार से भाजपा का बंडलराज खत्म करना है। यादव ने कहा कि बिहार के चुनाव में जनता के बीच तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनने को लेकर विशेष उत्साह है। तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे। सभी को नौकरी और रोजगार मिलेगा, सभी को सम्मान और न्याय मिलेगा। हर घर को 200 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। बिहार में कानून का शासन होगा। भाजपा जब से सरकार में आई है उसने महंगाई और बेरोजगारी को बहुत बढ़ा दिया है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Nov 05 , 2025, 06:19 PM