गांधीनगर। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (Bhupendra Patel) ने शनिवार को कहा कि सरदार साहब ने 562 रजवाड़ों के विलय से एक भारत का निर्माण किया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) विकास के मार्ग पर श्रेष्ठ भारत का निर्माण कर रहे हैं। पटेल ने आज यहां एकता नगर में 'भारत पर्व-2025' का शुभारंभ किया। भारत के निर्माता तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उत्सव के हिस्से के रूप में एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में इस भारत पर्व (Bharat Parv) का आयोजन किया गया है। श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि यह भारत पर्व श्री मोदी द्वारा दिए गए मंत्र 'राज्य अनेक-राष्ट्र एक', 'समाज अनेक-भारत एक', 'भाषा अनेक-भाव एक' तथा 'रंग अनेक-तिरंगा एक' को चरितार्थ करता है। इस भारत पर्व में लोगों को 'अनेकता में एकता, यही हमारी विशेषता' का भाव प्रदर्शित करने वाली संस्कृति की झलक मिलने वाली है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (एसओयू) के निर्माण द्वारा सरदार साहब को उत्तम श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा , "हम सब सौभाग्यशाली हैं कि स्वतंत्रता के दशकों बाद हमें प्रधानमंत्री के रूप में एक ऐसा नेतृत्व मिला है, जिसने हृदय में 'स्व' का नहीं, 'समस्त' का 'राष्ट्रहित प्रथम' का ही विचार रखा है। स्वतंत्रता के बाद वर्षों तक सरदार जयंती केवल एक परंपरागत कार्यक्रम बन गई थी, परंतु हमारे मोदी साहब ऐसे विजनरी लीडर हैं कि जो किसी को न सूझे, वह उन्हें सूझता है। " उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा भारत की एकता के लिए दिए गए बहुमूल्य योगदान का यथोचित गौरव किया है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने 2014 से सरदार साहब की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने की प्रेरणा देशवासियों को दी है। सरदार साहब के विराट कार्य जितनी ही विराट विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से यह वनवासी प्रदेश विश्व के मानचित्र पर चमका है।
वही व्यवस्थाएँ, वही प्रशासन, फिर भी यदि विशिष्ट विजन हो, तो स्थिति को कैसे बदला जा सकता है, यह मोदी साहब ने एसओयू एवं एकता नगर के निर्माण से सिद्ध किया है।
भारत पर्व के विषय में श्री पटेल ने कहा कि इस भारत पर्व में प्रतिदिन शाम को दो-दो राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ की जाएंगी। 45 फूड स्टॉल तथा एक लाइव स्टूडियो किचन का आयोजन किया गया है, जिसमें विभिन्न राज्यों व केन्द्रशासित प्रदेशों के व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके अतिरिक्त 55 हस्तकला तथा हथकरघा स्टॉल भी लगाए गए हैं। यहाँ भारत दर्शन पैवेलियन में विभिन्न राज्यों के पैवेलियन बनाए जाए हैं, जिनमें उन राज्यों के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विशेषताओं को दर्शाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासियों के भगवान बिरसा मुंडाजी की भी इस वर्ष 150वीं जयंती मनाई जा रही है। इस उपलक्ष्य में एकता नगर में 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती पर विशेष प्रस्तुति आयोजित होगी। एक भारत-श्रेष्ठ भारत की तरह ही अनेकता में एकता की भावना हमारे उत्सवों-त्योहारों में भी साकार होती है। गुजरात का नवरात्रि, गरबा उत्सव, महाराष्ट्र का गणपति उत्सव, बिहारियों का छठ पूजा उत्सव या पश्चिम बंगाल का दुर्गा पूजा उत्सव ये सभी उत्सव देश में जहाँ-जहाँ उन राज्यों के मूल निवासी परिवार रोजी-रोटी के लिए आकर बसे हैं, वहाँ सभी साथ मिलकर मनाते हैं।
श्री पटेल ने कहा कि माधवपुर का मेला राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बना है। यह मेला पूर्वोत्तर राज्यों तथा पश्चिम भारत को जोड़ता है। श्री मोदी के मार्गदर्शन में सौराष्ट्र-तमिल संगम तथा काशी-तमिल संगम के आयोजन से भारत की एकता व अखंडता अधिक मजबूत हुई है। इसे यह भारत पर्व उजागर करता है। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री ने देश के राज्यों के राजभवनों में भी अलग-अलग राज्यों के स्थापना दिवस को लोगों के संग मनाए जाने के माध्यम से एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार कराया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इस भारत पर्व द्वारा 15 दिनों तक एकता नगर में समग्र भारत एवं भारतीय परंपराएँ पुनर्जीवित होने वाली हैं। प्रधानमंत्री की 'विकास भी, विरासत भी' संकल्पना सच्चे अर्थ में पूरी होगी। उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तथा एकता नगर को विश्व स्तरीय पर्यटन केन्द्र बनाने के लिए विजन दिया है और यहाँ सरदार साहब की प्रतिमा के साथ-साथ अनेक पर्यटन आकार्षण आयाम जोड़े हैं।
श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का भी संकल्प किया है। इसके लिए उन्होंने सरदार साहब के दिखाए एकता के मार्ग पर चलकर स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में भारत पर्व के विभिन्न स्टॉल की मुलाकात भी ली।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Nov 02 , 2025, 09:33 PM