मुंबई। शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत (Sanjay Raut) ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र में आगामी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए उनकी पार्टी कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ बातचीत करने के साथ ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) को भी महा विकास अघाड़ी (MVA) में शामिल करने की संभावना तलाश रही है।
श्री राउत ने यहां संवाददाताओं से यह बात कही। यह पूछे जाने पर कि क्या राज ठाकरे की पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में एमवीए का हिस्सा होगी, उन्होंने कहा, "राज ठाकरे चाहते हैं कि एमवीए में कांग्रेस को भी साथ लिया जाए। यह उनका रुख है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इस बारे में कोई निर्णय लिया गया है।" राउत ने बताया कि उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव के सी वेणुगोपाल से "कुछ मुद्दों" पर बात की है और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से भी बात करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी बात करेंगे।
इस बीच मनसे नेताओं ने श्री राउत के श्री राज ठाकरे की ओर से बोलने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। मनसे नेताओं ने कहा, "हम अपनी पार्टी का रुख रखेंगे। हमने अभी तक कांग्रेस को किसी भी गठबंधन के बारे में कोई प्रस्ताव नहीं दिया है।" राउत ने मनसे नेताओं की ओर से अपनी नाराजगी व्यक्त करने के तुरंत बाद एक निजी संदेश के माध्यम से स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा "मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा।"
इस बीच कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने आज महाराष्ट्र में होने वाले स्थानीय निकाय और नगर निगम चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए महाराष्ट्र में कार्यरत कांग्रेस नेताओं की बैठक की। बैठक में महाराष्ट्र के कई कांग्रेस नेताओं ने यह विचार व्यक्त किया कि कांग्रेस को स्थानीय निकाय चुनाव अकेले ही लड़ना चाहिए और उनमें से कई मनसे के साथ गठबंधन को लेकर सकारात्मक नहीं थे। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भी गत सात अक्टूबर को एमवीए गठबंधन में मनसे को शामिल करने पर अपनी आपत्ति जतायी थी।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Oct 13 , 2025, 10:34 PM