मुंबई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर जमकर निशाना साधा और 2008 में हुए 26/11 हमलों के बाद 'विदेशी दबाव'के कारण पाकिस्तान को सजा देने में विफल रहने का आरोप लगाया। मोदी ने महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के उल्वे में नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) के उद्घाटन के मौके पर अपने संबोधन में कहा, "कांग्रेस को लोगों को बताना चाहिए कि उसने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के बाद सेना को पाकिस्तान पर हमला करने से क्यों रोका।
उस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री रहे एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने हाल ही में एक साक्षात्कार में कहा था कि 26/11 के बाद सशस्त्र बल हमला करने के लिए तैयार थे और देश भी यही चाहता था। अगर उनकी बात पर विश्वास किया जाए, तो यह हमला किसी एक देश के दबाव के कारण नहीं हुआ था। कांग्रेस सरकार ने सशस्त्र बलों को पाकिस्तान पर हमला करने से रोका था।"
उन्होंने कहा, "कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि किसने एक विदेशी देश के दबाव में आकर देश की भावनाओं से खिलवाड़ किया। कार्रवाई करने में इस तरह की विफलता ने आतंकवाद को मज़बूत किया। मुंबई न केवल आर्थिक राजधानी है, बल्कि भारत के सबसे जीवंत शहरों में से एक भी है। यही वजह है कि 2008 में आतंकवादियों ने मुंबई पर हमला किया था। लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कमजोरी का संदेश दिया।"
प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम द्वारा हाल ही में एक पॉडकास्ट में 26/11 हमले के बारे में दिए गए उस बयान के संदर्भ में है, जिसमें उन्होंने कहा था, "पूरी दुनिया दिल्ली में यह कहने आयी थी कि युद्ध '(पाकिस्तान के खिलाफ) मत शुरू करो। मेरे कार्यभार संभालने के दो-तीन दिन बाद तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस मुझसे और तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से मिलने आयी और कहा, 'कृपया प्रतिक्रिया न दें।'
मैंने कहा कि यह एक ऐसा फैसला है जो सरकार लेगी। मेरे मन में बदले की कार्रवाई का विचार आया। प्रधानमंत्री ने हमले के दौरान ही इस (जवाबी सैन्य कार्रवाई) पर चर्चा की, लेकिन विदेश मंत्रालय और भारतीय विदेश सेवा से प्रभावित होकर यह निष्कर्ष निकला कि हमें शारीरिक रूप से प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए।"
चिदंबरम के हालिया पॉडकास्ट इंटरव्यू का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, "हाल ही में एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री ने खुलासा किया है कि मुंबई हमलों के बाद, हमारे सुरक्षा बल पाकिस्तान पर हमला करने के लिए तैयार थे, लेकिन दूसरे देश के दबाव के कारण, तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने हमारे सुरक्षा बलों को रोक दिया। कांग्रेस को उस देश का नाम बताना चाहिए जिसके दबाव में उन्हें ऐसा फैसला लेना पड़ा। उस फैसले के कारण भारत को बहुत नुकसान उठाना पड़ा।
कांग्रेस की कमज़ोरी ने आतंकवादियों को मज़बूत किया। देश ने बार-बार अपनी इस गलती की कीमत जान देकर चुकाई। हमारे लिए राष्ट्रीय सुरक्षा और हमारे नागरिकों की सुरक्षा से बढ़कर कुछ नहीं है।" मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम जिले में हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' का हवाला देते हुए कहा, "आज का भारत अपने दुश्मनों पर उनके ही घर में घुसकर हमला करता है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पूरी दुनिया ने भारत की ताकत देखी।"
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Oct 09 , 2025, 07:56 AM