पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जिंदगी पर आधारित संगीतमय सागा फिल्म 'मेरा देश पहले' के पटकथा लेखक और प्रस्तुत कर्ता मनोज मनोज मुंतशिर ने मंगलवार को कहा कि मोदी की कहानी संघर्ष और सफलता की अनूठी गाथा है और उसे देख कर हर भारतीय खासकर युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।
मुंतशिर की यह संगीतमय सागा फिल्म आज पटना के उर्जा आडोटोरियम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उपमुख्यमंत्री द्वय विजय कुमार सिन्हा तथा सम्राट चौधरी, विधानसभा के स्पीकर नंदकिशोर यादव, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, शाहनवाज हुसैन, रामकृपाल यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओ की उपस्थिति में प्रदर्शित की गई।
एक सवाल के जवाब में मुंतशिर ने कहा कि पटना के दर्शकों के उत्साह और प्यार से वह अभिभूत हैं और संगीतमय सागा को देश के सभी प्रमुख शहरों में प्रदर्शित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही उनका ग्रुप इसकी प्रस्तुति के लिए हैदराबाद जाने वाला है और अगले महीने इसे बनारस में भी प्रदर्शित किया जाएगा।
'मेरा देश पहले' के प्रदर्शन के दौरान नेपथ्य में प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ी स्मृतियों को दिखाते हुए मनोज मुंतशिर ने पटकथा को आज मंच पर खुद अपने शब्दों में प्रस्तुत किया। इस सागा की मूल आत्मा संगीतमय पलों को इंडियन आइडल के मशहूर गायकों ऋषि और स्नेह शंकर जैसे कई गायकों की एक टोली ने स्वर दिया।
इस फ़िल्म की कहानी भगवान श्री राम के जन्म से शुरू होती है। यह फिल्म बनवास के समय भगवान श्री राम के माता कौशल्या से बिछड़ने के प्रसंग को प्रधानमंत्री मोदी के अपनी माता यशोदा बेन से बिछड़ने के प्रसंग से जोड़ती है और दिखाती है कि कैसे श्री मोदी की मां ने अपने दिल पर पत्थर रख कर उन्हें देशसेवा के लिए मुक्त कर दिया था। यह फिल्म बताती है कि किस तरह मोदी शुरुआती दिनों में जंगलों में भटकते हैं, रामकृष्ण आश्रम जाते हैं, एक चाय की दुकान पर काम करते हैं और अंततः राष्ट्रीय स्वयं सेवक के दफ्तर पहुंचते हैं।
इस फिल्म में आपातकाल के समय हुई सरकारी बर्बरता, राममंदिर आंदोलन और उसे सफल अंजाम तक पहुंचाने में मोदी की भूमिका, 1992 में नगर के लाल चौक पर झंडा फहराने की घटना, कश्मीर से उनके लगाव और प्रधानमंत्री बनने के बाद देश की बढ़ी हुई प्रतिष्ठा और बढ़ती अर्थव्यवस्था को बड़े ही खूबसूरत अंदाज़ से दिखाया गया है।
मनोज मुंतशिर की यह फ़िल्म राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की देश के प्रति निष्ठा और योगदान की भी चर्चा भी करती है। फिल्म के आखिर में मोदी के नेतृत्व में बढ़ते राष्ट्रवाद को प्रस्तुत किया गया है। यह संगीतमय सागा फ़िल्म निश्चय रूप से प्रधानमंत्री मोदी के जीवन वृत के साथ भाजपा के शासन में हुई प्रगति को बखान करती है और इसे देश भर में प्रदर्शित करने से पार्टी को लाभ मिलेगा।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Sep 24 , 2025, 08:15 AM