बेलग्रेड। स्लोवेनिया की विदेश मंत्री तंजा फाजोन (Tanja Fajon) ने यूक्रेन के लिए निरंतर समर्थन का आह्वान करते हुए कहा है कि स्थिति अभी यूक्रेन को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) में शामिल करने के अनुकूल नहीं है।
स्लोवेनिया के विदेश मंत्रालय ने की ओर से जारी बयान के अनुसार सुश्री फाजोन ने बेल्जियम के ब्रुसेल्स में नाटो के विदेश मंत्रियों की एक बैठक में भाग लिया। मंत्रालय ने सुश्री फाजोन के हवाले से कहा,"स्लोवेनिया गैर-जिम्मेदार परमाणु बयानबाजी और उत्तर कोरिया से रूस में सैनिकों की तैनाती पर खेद व्यक्त करता है, जिससे तनाव बढ़ने का खतरा है... ऐसी कार्रवाइयों का एकमात्र जवाब यूक्रेन को स्थायी समर्थन प्रदान करना है, ताकि वह आत्मरक्षा के अपने वैध अधिकार का प्रभावी ढंग से प्रयोग कर सके।"
उन्होंने यूक्रेन के अधिकारियों के नाटो का पूर्ण सदस्य बनने के इरादों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि पूर्ण सदस्यता के लिए परिस्थितियाँ अभी परिपक्व नहीं हुई हैं।" उन्होंने कहा कि सवाल यह नहीं है कि यूक्रेन नाटो में शामिल होगा या नहीं, बल्कि यह है कि यूक्रेन कब इसके लिए तैयार होगा। गौरतलब है कि अमेरिकी विदेश विभाग के मुख्य उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने नवंबर में दावा किया था कि कथित तौर पर रूस को हस्तांतरित किए गए 10,000 से अधिक उत्तर कोरियाई सैनिकों में से अधिकांश पहले से ही कुर्स्क क्षेत्र में रूसी सैनिकों के साथ मिल कर लड़ रहे थे।
उधर, रूस ने कहा है कि अमेरिका के पास विशेष सैन्य अभियान क्षेत्र (military operation zone) में उत्तर कोरियाई सैनिकों की उपस्थिति का कोई सबूत नहीं है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि उत्तर कोरिया के साथ रणनीतिक साझेदारी समझौते में सैन्य सहायता प्रदान करने का एक अनुच्छेद शामिल है, लेकिन इस अनुच्छेद के ढांचे में रूस और उत्तर कोरिया क्या करेंगे, यह दोनों देशों का मामला है। उल्लेखनीय है कि जून में रूस और उत्तर कोरिया ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर संधि पर हस्ताक्षर किए थे। समझौते के अनुच्छेद 04 के अनुसार, यदि किसी एक पक्ष पर कोई देश या राष्ट्रों के समूह द्वारा सशस्त्र आक्रमण किया जाता है और वह संघर्ष की स्थिति में आ जाता है, तो दूसरा पक्ष संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 और रूसी तथा उत्तर कोरियाई कानूनों के अनुसार सभी उपलब्ध साधनों के साथ तुरंत सैन्य और अन्य प्रकार की सहायता प्रदान करेगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Dec 05 , 2024, 06:42 PM