मणिपुर में हिंसा की ज्वाला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस बीच मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में बंदूकधारियों के साथ गोलीबारी में कम से कम 4 लोगों की मौत हुई है और 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मारे गए खोइजुमंतबी गांव में बनाए एक अस्थायी बंकर वाले इलाके की रखवाली कर रहे थे. वहीं, यूनाइटेड पीपुल्स फ्रंट (यूपीएफ) और कुकी नेशनल ऑर्गनाइजेशन (केएनओ), दो प्रमुख कुकी संगठनों ने मणिपुर के कांगपोकपी जिले में नेशनल हाईवे-2 को खोल दिया है.
यूपीएफ के प्रवक्ता आरोन किपगेन और केएनओ के प्रवक्ता सेलेन हाओकिप ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि मणिपुर में शांति एवं सद्भाव बहाल करने और सामान्य रूप से लोगों के जीवन को पटरी पर लाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरी चिंता व्यक्त की थी. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री की बात को ध्यान में रखते हुए यूनाइटेड पीपुल्स फ्रंट और कुकी नेशनल ऑर्गनाइजेशन ने नेशनल हाईवे- 2 पर कांगुई (कांगपोकपी) में नाकाबंदी को तत्काल हटाने का फैसला किया है.
पिछले दो महीने से बंद था नेशनल हाइवे-2
उनका कहना है कि राज्य में आवश्यक वस्तुओं की बिना रुके सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए ये फैसला लिया गया है. कई मौकों पर सिविल सोसायटी संगठनों, ग्राम प्रधानों, युवाओं और महिला नेताओं के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया. दरअसल, 3 मई को मणिपुर में भड़की हिंसा के बाद से कुकी संगठनों ने एनएच-2 को ब्लॉक कर दिया था और मई के अंत में केंद्रीय गृह मंत्री शाह की यात्रा के बाद इसे अस्थायी रूप से खोल दिया गया था.
पीटीआई ने घटनाक्रम से जुड़े करीबी सूत्रों के हवाले से बताया है कि नाकाबंदी हटाने का निर्णय असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) साथ यूपीएफ, केएनओ और अन्य कुकी समूहों की हाल ही में गुवाहाटी में हुई बैठक के बाद लिया गया है.
मणिपुर हिंसा में 100 से अधिक लोगों की मौत
वहीं, रविवार को हुई गोलीबारी वाली जगह का मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह (N Biren Singh) ने दौरा किया और मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया. साथ ही साथ स्थानीय लोगों से बातचीत की. पूर्वोत्तर राज्य में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष में अब तक 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. मणिपुर की आबादी में मैतेई लोगों की संख्या लगभग 53 प्रतिशत है और वे ज्यादातर इम्फाल घाटी में रहते हैं. आदिवासी-नागा और कुकी-आबादी का 40 प्रतिशत हिस्सा हैं और पहाड़ी जिलों में रहते हैं.



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Jul 02 , 2023, 08:43 AM