भगवंत मान भी रहेंगे मौजूद, मोदी हटाओ, देश बचाओ का नारा लगाया जाएगा
नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और पंजाब सीएम भगवंत मान (Bhagwant Mann) गुरुवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जनसभा को संबोधित करेंगे। ये जनसभा दिल्ली में पीएम मोदी (PM Modi) के खिलाफ पोस्टर लगाने के बाद हुई कार्रवाई के चलते हो रही है।
दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता गोपाल राय के मुताबिक इस सभा में पार्टी के सभी विधायक, सांसद और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान मंच से मोदी हटाओ, देश बचाओ का नारा लगाया जाएगा।
देशभर में चलेगा मोदी हटाओ, देश बचाओ अभियान
दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता गोपाल राय (AAP leader Gopal Rai) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से नहीं डरी है। उन्होंने ऐलान किया कि आप गुरुवार से देश भर में मोदी हटाओ, देश बचाओ अभियान शुरू करेगी। गोपाल राय ने आगे कहा कि वे इस नारे को अगले लोकसभा चुनावों तक लेकर जाएंगे।
बुधवार को शहीद दिवस भी है। इस दिन भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को फांसी दी गई थी। गोपाल राय ने कहा कि जनसभा में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को याद करेंगे।
पोस्टर मामले में 36 FIR और 6 गिरफ्तार
राजधानी में बुधवार को ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ के पोस्टर लगाए गए थे। इस मामले में पुलिस ने 36 FIR दर्ज कीं और 6 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो प्रिटिंग प्रेस मालिक भी शामिल हैं। पोस्टर ले जा रही एक वैन को भी जब्त किया गया।
आम आदमी पार्टी ने पूछा- पोस्टर में आपत्तिजनक क्या है
आम आदमी पार्टी ने पुलिस कार्रवाई को तानाशाही बताया है। पार्टी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा- मोदी सरकार की तानाशाही चरम पर है। पोस्टर में ऐसा क्या आपत्तिजनक है, जो इसे लगाने पर मोदी जी ने 100 FIR कर दीं? PM मोदी आपको शायद पता नहीं, पर भारत एक लोकतांत्रिक देश है, एक पोस्टर से इतना डर क्यों?
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस दीपेंद्र पाठक ने बताया, 'दो प्रिंटिंग प्रेस फर्म को ऐसे 50-50 हजार पोस्टर बनाने का ऑर्डर मिला था। कंपनियों से जुड़े कर्मचारियों ने रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक इनमें से कई पोस्टर शहर के अलग-अलग इलाकों में लगाए। पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस का नाम प्रकाशित न करने के आरोप में मालिकों को गिरफ्तार किया है।'



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Mar 23 , 2023, 10:53 AM