अहम घोषणापत्र पर साइन किए; पुतिन बोले- जिनपिंग के पीस प्लान से जंग खत्म हो सकती है
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन (Vladimir Putin) और चीन के प्रेसिडेंट ने मंगलवार शाम ऑफिशियल मीटिंग की। इस दौरान दोनों देशों ने माना की न्यूक्लियर वॉर (nuclear war) कभी नहीं होना चाहिए। बैठक में जिनपिंग और पुतिन (Jinping and Putin) ने एक अहम घोषणापत्र पर साइन भी किया। इस घोषणापत्र में लिखा था- परमाणु जंग में किसी की जीत नहीं होती। ये कभी नहीं छेड़ी जानी चाहिए।
वहीं, जिनपिंग से रूस-यूक्रेन जंग (Russia-Ukraine war) पर बातचीत करते हुए पुतिन ने कहा कि चीन के पीस प्लान को जंग खत्म करने के आधार के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा- जब पश्चिमी देश और कीव तैयार हों तब शांति पहल को आगे बढ़ाया जा सकता है। चीन के 12 प्वाइंट के पीस प्लान में रूसी सैनिकों की यूक्रेन से वापसी का कोई जिक्र नहीं है। इसमें सिर्फ बातचीत करने और राष्ट्रीय संप्रभुता का सम्मान करने की बात कही गई है।
बाइलैटरल डॉक्यूमेंट पर भी साइन किए
जिनपिंग ने रूस यात्रा के दूसरे दिन पुतिन से दोनों देशों के बीच व्यापक और रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा की। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र में रूसी-चीनी सहयोग को गहरा करने पर भी बातचीत हुई। इसके अलावा जिनपिंग और पुतिन ने 2030 तक चीन-रूस आर्थिक सहयोग योजना के प्रमुख पहलुओं से जुड़े एक बाइलैटरल डॉक्यूमेंट पर भी साइन किए।
हम मिलकर बदलाव ला रहे हैं : जिनपिंग
बैठक के बाद दोनों लीडर्स ने साथ डिनर किया। इसके बाद पुतिन चीन के प्रेसिडेंट जिनपिंग को रूसी राष्ट्रपति भवन (क्रेमलिन) के बाहर छोड़ने आए। यहां जिनपिंग ने पुतिन से कहा- बदलाव आ रहा है जो 100 साल में नहीं हुआ। हम इस बदलाव को एक साथ ला रहे हैं। पुतिन ने इस बात पर सहमति जताते हुए जिनपिंग से हाथ मिलाया और अपने 'डियर फ्रेंड' को अलविदा कहा। दरअसल, 20 मार्च को पुतिन ने 'वेलकम, डियर फ्रेंड' कहते हुए शी जिनपिंग का स्वागत किया था।
एक दिन पहले जिनपिंग को कार तक छोड़ने गए थे पुतिन
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार देर रात डिनर के बाद पुतिन और जिनपिंग की गहरी दोस्ती देखने मिली। पुतिन पर्सनल तौर पर जिनपिंग को उनकी गाड़ी तक छोड़ने गए। इसका एक वीडियो सामने आया। इसमें जिनपिंग होटल जाने के लिए क्रेमलिन से रवाना होते हुए दिखे। पुतिन भी उनके साथ थे। रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद जिनपिंग पहली बार 20 मार्च को दो दिवसीय दौरे पर मॉस्को पहुंचे थे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Mar 22 , 2023, 10:44 AM