राष्ट्रपति चुनाव में 283 विधायकों ने डाले वोट

Mon, Jul 18 , 2022, 08:30 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

चार विधायकों ने नहीं किया मतदान
मुंबई।
राष्ट्रपति चुनाव (presidential election) के लिए महाराष्ट्र में सोमवार को संपन्न हुए मतदान में 287 विधायकों में से 283 विधायकों ने हिस्सा लिया। भाजपा विधायक लक्ष्मण जगताप (जो अस्वस्थ हैं), मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के नेतृत्व वाले खेमे के विधायक महेंद्र दलवी और जेल में बंद राकांपा के नवाब मलिक तथा अनिल देशमुख ने मतदान नहीं किया। कुछ महीने पहले शिवसेना विधायक रमेश लटके के निधन के कारण एक सीट खाली है। स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद भाजपा विधायक मुक्ता तिलक ने विधानभवन आकर मतदान किया।  
राष्ट्रपति पद के चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबला है। महाराष्ट्र से भाजपा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट और शिवसेना ने मुर्मू का समर्थन किया। शिंदे-फडणवीस सरकार ने चुनाव में मुर्मू को महाराष्ट्र से 200 विधायक वोट दिलाने की प्रतिबद्धता दिखाई। राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी। विधानमंडल के प्रधान सचिव तथा सहायक चुनाव अधिकारी राजेंद्र भागवत ने कहा कि राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ, जिसमें 283 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। राष्ट्रपति चुनाव में विधानसभा और संसद के निर्वाचित सदस्य मतदान करते हैं।
व्हीलचेयर पर पहुंचीं भाजपा विधायक
पुणे से भाजपा की विधायक मुक्ता तिलक सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा लेने के लिए मुंबई आयीं और वोट डालने के लिए व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचीं। तिलक का स्वास्थ्य ठीक नहीं है।  पहली बार विधायक बनीं तिलक लंबे समय से अस्वस्थ हैं। हालांकि, खराब स्वास्थ्य के बावजूद वह पुणे से लगभग 200 किलोमीटर की यात्रा करके यहां आयीं और फिर राष्ट्रपति चुनाव में अपना वोट डालने के लिए व्हीलचेयर पर दक्षिण मुंबई के विधान भवन के केंद्रीय कक्ष पहुंचीं। पुणे शहर के कस्बा पेठ निर्वाचन क्षेत्र से विधायक तिलक (56) पिछले महीने भी, पहले राज्यसभा चुनाव और फिर राज्य विधान परिषद चुनाव में मतदान के लिए मुंबई आयी थीं। हालांकि पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ से विधायक लक्ष्मण जगताप इस बार मतदान के लिए नहीं आ पाए। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खेमे से शिवसेना विधायक महेंद्र दलवी को भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने वोट डालने की अनुमति नहीं दी। रायगड जिले के अलीबाग से विधायक को हाल ही में एक पुराने मामले में दोषी ठहराया गया था और हालांकि उन्हें जमानत दे दी गई थी, लेकिन उनके खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दी गई थी। अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के पास कानूनी दस्तावेज उपलब्ध होने के कारण दलवी को चुनाव में मतदान करने की अनुमति नहीं दी गई। इसलिए, वे मतदान नहीं कर सके।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups