जयपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। जयपुर की सांगानेर विधानसभा (Sanganer Assembly) से दो बार विधायक रहीं और गहलोत सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री रही इंदिरा मायाराम (Indira Mayaram) का निधन (death) हो गया है। वे लम्बे समय से बीमार चल रही थीं। बेटे अरविंद मायाराम ने ट्वीट कर उनके निधन की जानकारी दी। अरविंद मुख्यमंत्री के सलाहकार हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मायाराम की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
भाजपा का गढ़ माने जाने वाली सांगानेर विधानसभा सीट पर दो बार कांग्रेस को जीत दिलाने वाली गहलोत सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री रहीं इंदिरा मायाराम का देर रात निधन हो गया। वे 85 वर्ष की थीं और लम्बे समय से बीमार थीं। इंदिरा मायाराम के बेटे देश के पूर्व वित्त सचिव और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आर्थिक मामलों के सलाहकार अरविंद मायाराम हैं। इंदिरा मायाराम का दोपहर बाद लाल कोठी स्थित मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई अन्य लोग शामिल होंगे। उनके निधन का समाचार सुनकर कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और नेता अंतिम दर्शनों के लिए उनके आवास पहुंचे।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला (Om Birla) ने पूर्व मंत्री के देहांत पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर अपनी संवेदना जाहिर की। उन्हाेंने लिखा कि सरकार में पूर्व मंत्री इंदिरा मायाराम के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। असीम पीड़ा की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
सांगानेर विधानसभा सीट भाजपा का अभेद्य किला मानी जाती रही है। इसे आरएसएस का गढ़ माना जाता रहा है। इसमें भी मायाराम ने सेंध लगाई और दिग्गज घनश्याम तिवाड़ी को हराया। इंदिरा मायाराम ने सांगानेर विधानसभा सीट पर 1993 और 1998 में जीत दर्ज की। उनके व्यक्तित्व का ही असर था कि न तो उनके पहले और न उनके बाद कांग्रेस पार्टी को सांगानेर सीट पर जीत मिल सकी है। इंदिरा मायाराम 1998 से 2003 तक गहलोत सरकार के पहले कार्यकाल में संस्कृत राज्यमंत्री रहीं। उनके बेटे अरविंद मायाराम 1978 बैच के आईएएस रहे हैं। वो केंद्र सरकार में वित्त सचिव भी रहे और वर्तमान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आर्थिक सलाहकार हैं। इंदिरा मायाराम राजस्थान महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। इसके साथ ही वो नेहरू युवा केंद्र बोर्ड के चेयरमैन भी रहीं।
अंग्रेजी में लिखे ट्वीट में अरविंद मायाराम ने लिखा कि मेरे परिवार का आधार मेरी मां इंदिरा मायाराम जिनमें प्रेम और समर्पण की असीम क्षमता थी और जिन्होंने बतौर मंत्री महान उपलब्धि हासिल की आज शाम दूसरी दुनिया को फतह करने के लिए हमें छोड़ कर चली गईं। एक शून्यता है, लालसा है और गहरा दुख है-लेकिन मुझे गर्व है कि मैं उनका बेटा हूं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Jul 17 , 2022, 02:49 AM