बिहार विधान परिषद के बेगूसराय-खगड़िया स्थानीय निकाय सीट पर कांग्रेस की जीत

Fri, Apr 08 , 2022, 10:50 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

बेगूसराय, 08 अप्रैल (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के बेगूसराय-खगड़िया (Begusarai-Khagaria) स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र से राजग (एनडीए) प्रत्याशी निवर्तमान विधान पार्षद रजनीश कुमार चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस के प्रत्याशी राजीव कुमार ने उन्हें 535 मतों से पराजित किया। गुरुवार की रात मतगणना का अंतिम परिणाम जारी करने के बाद निर्वाचन पदाधिकारी-सह-बेगूसराय के डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने राजीव कुमार को विजय होने का प्रमाण पत्र पत्र सौंपा।
कांग्रेस के राजीव कुमार को 2487 वोट मिले तथा राजग के रजनीश कुमार को 1952 वोट मिले हैं। तीसरे नंबर पर रहे राजद-वाममोर्चा के प्रत्याशी मनोहर यादव (Manohar Yadav) को 1289 मत मिले हैं। जबकि शेष प्रत्याशियों में से मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी के जिलाध्यक्ष जय जयराम सहनी को 44 वोट तथा वार्ड एवं पंच संघ के राष्ट्रीय नेता गुड़ाकेश कुमार को 20 वोट मिले। मो. कलीमउद्दीन को 16, मो. जियाउल हक को पांच, रजनीश कुमार को चार, शिव नारायण सिंह को तीन एवं शोभा देवी को नौ मत मिले हैं।
परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस में जश्न का माहौल है, देर रात तक जिला कांग्रेस भवन (Congress Bhawan) में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी करके खुशी मनाई। मौके पर कांग्रेस भवन पहुंचे राजीव कुमार का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इससे पहले मतगणना केंद्र से निकलते ही पूर्व मंत्री आरएन सिंह एवं परवत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पन्हास रिसोर्ट में राजीव कुमार का स्वागत करते हुए जीत की बधाई दी। राजीव कुमार ने कहा कि सिर्फ कांग्रेसी नहीं, सभी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने समर्थन दिया। जिस आशा और उम्मीद के साथ मतदान किया, उस उम्मीद को पूरा करेंगे। समस्या समाधान के लिए जीवन के अंतिम क्षण तक लगे रहेंगे। त्रिस्तरीय पंचायती राज प्रतिनिधियों के मानदेय में बढ़ोतरी, पेंशन तथा सुरक्षा के लिए हर कदम उठाएंगे। सुरक्षा के लिए हथियार का लाइसेंस मिलने की प्रक्रिया सरल हो, इसके लिए लगातार काम करेंगे।
राजीव कुमार को मिली इस शानदार जीत पर बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमिता भूषण (Amita Bhushan) ने कहा है कि बेगूसराय हमेशा विपरीत परिस्थिति में कांग्रेस के साथ रहा है। एक बार फिर विपरीत परिस्थिति में बेगूसराय ने कांग्रेस का साथ दिया तथा इसके लिए सभी त्रिस्तरीय पंचायत राज प्रतिनिधि धन्यवाद के पात्र हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups