The Issue of an Indigenous Search Engine in the Rajya Sabha: गूगल (Google) जैसे विदेशी सर्च इंजनों पर निर्भरता कम करने और देश को डिजिटल संप्रभुता के मामले में मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी सर्च इंजन (Indigenous Search Engine) विकसित करने की मांग बुधवार को राज्यसभा में की गई। कांग्रेस के नीरज डांगी ने शून्य काल में यह मामला उठाते हुए कहा कि अभी सारी दुनिया ऊर्जा की आपूर्ति के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर निर्भर है लेकिन पश्चिमी एशिया संकट के कारण (crisis in West Asia) उसके बंद होने के चलते सभी परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति ऊर्जा के क्षेत्र में एकाधिकार के कारण उत्पन्न हुई है। हमें इससे सबक लेते हुए अपनी डिजिटल संप्रभुता के संरक्षण के लिए अपना स्वदेशी सर्च इंजन विकसित करना चाहिए जिससे कि हमारी विदेशी सर्च इंजनों पर निर्भरता न हो। उन्होंने कहा कि यदि हम समय रहते अपना सर्च इंजन नहीं बनाएंगे तो आने वाले समय में हम डिजिटल मुसीबत में फंस सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका गूगल को निर्देश देकर भारत के डेटा की मांग कर सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस बारे में श्वेत पत्र लाकर अपनी योजना सबके सामने रखनी चाहिए।
कांग्रेस की रंजीत रंजन ने खाद्य पदार्थ के पैकेटों पर उसमें बंद सामग्री के बारे में सरल भाषा में जानकारी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में वसा, नमक और चीनी निश्चित से अधिक मात्रा मिलाए जाते हैं जिसका स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि एक अध्ययन के अनुसार देश में 10 करोड़ से अधिक लोग मधुमेह से ग्रसित है। हर चौथा व्यक्ति मोटापे की समस्या से परेशान है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में वसा, नमक और चीनी की अधिक मात्रा इसके प्रमुख कारणों में शामिल है। उन्होंने पैकेटों पर सरल भाषा में यह जानकारी लिखे जाने की मांग की कि उनमें किस पदार्थ की मात्रा कितनी है। इसके लिए उन्होंने लाल, पीले और हरे रंग के कोड छापने का भी सुझाव दिया।
भारतीय जनता पार्टी की धर्मशीला गुप्ता ने बिहार के दरभंगा जिले में टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की मांग की। भाजपा के ही डीबी महादिक ने महाराष्ट्र में किसानों को घटिया बीज और उर्वरक की आपूर्ति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे किसानों को बेवजह नुकसान उठाना पड़ रहा है। भारतीय जनता पार्टी के बालयोगी उमेशनाथ ने उज्जैन में महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग की।
उन्हीं के पार्टी के डॉक्टर राधा मोहन दास अग्रवाल ने नंबरों की दौड़ में शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नंबरों की दौड़ के कारण देश के 70 प्रतिशत बच्चे तनाव ग्रस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि चीन ने अपने देश में कोचिंग संस्थानों पर प्रतिबंध लगा दिया है और भारत को भी इस दिशा में कदम उठाना चाहिए। मनोनीत हर्षवर्धन श्रृंगला ने वन्यजीवों के संरक्षण को जरूरी बताते हुए कहा कि मानव विकास के कार्यों में संतुलन बनाया जाना जरूरी है। कांग्रेस के प्रमोद तिवारी ने सांसदों को उनके क्षेत्र में विकास के लिए मिलने वाली क्षेत्रीय विकास निधि को बढ़ा कर 20 करोड़ रुपए करने की मांग की। उन्होंने इस राशि को जीएसटी से मुक्त करने की भी मांग की।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Mar 25 , 2026, 01:04 PM