Bhagalpur Visit: मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान भागलपुर से बांका तक दिखी विकास की नई रफ्तार: हिमराज राम!

Wed, Mar 18 , 2026, 07:03 PM

Source : Uni India

पटना। जनता दल यूनाइटेड (Janata Dal United) के प्रदेश प्रवक्ता हिमराज राम ने बुधवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) की समृद्धि यात्रा के दौरान भागलपुर से बांका तक विकास की नई रफ्तार देखने को मिली और यह साबित हो गया कि प्रदेश में विकास अब केवल घोषणा नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाली सच्चाई है। राम ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की समृद्धि यात्रा ने यह सिद्ध कर दिया है कि भागलपुर और बांका जिलों में चल रही योजनायें एक खास विकास मॉडल,सुशासन और समर्पण पर आधारित हैं।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि बिहार का प्रवेश द्वार भागलपुर गंगातट की सांस्कृतिक विरासत, कृषि, शिक्षा, व्यापार, पर्यटन और आस्था का प्रमुख केंद्र है। इस इलाके को मुख्यमंत्री श्री कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान 442 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात दी है। भागलपुर जिले में कुल 144 विकासात्मक योजनाओं (Developmental Schemes ) का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया, जिनमें ₹171 करोड़ की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन हुआ और 271 करोड़ की लागत से 56 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। यह केवल योजनाओं की संख्या नहीं है, बल्कि भागलपुर के आने वाले वर्षों का विकास रोडमैप है। राम ने कहा कि भागलपुर के लिए जिन बड़ी योजनाओं की दिशा तय की गई है, वे जिले के अगले दशक का भविष्य निर्धारित करेंगी। सुल्तानगंज में जहाज घाट के निकट पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की योजना धार्मिक आस्था और पर्यटन अर्थव्यवस्था का नया मॉडल बनेगी। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, स्थानीय स्तर पर होटल, परिवहन, दुकानों और छोटे व्यवसायों को नया अवसर मिलेगा तथा पर्यटन आधारित रोजगार का विस्तार होगा।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि नवगछिया अनुमंडल में स्पोर्ट्स क्लब काम्प्लेक्स का निर्माण भागलपुर की युवा ऊर्जा को दिशा देने वाला कदम है। इससे खेल प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, प्रशिक्षण की सुविधाएं विकसित होंगी और ग्रामीण-शहरी युवाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। भागलपुर में कैंसर संस्थान की स्थापना की दिशा में पहल स्वास्थ्य क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि है। राम ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भागलपुर ने एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने 8305 जीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1,05,525 जीविका दीदियों को बैंक ऋण के रूप में ₹377.66 करोड़ से अधिक की सांकेतिक सहायता प्रदान की। यह राशि केवल वित्तीय मदद नहीं, बल्कि बिहार की महिलाओं को आर्थिक शक्ति के केंद्र में स्थापित करने का प्रतीक है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि बांका जिला, जो आस्था, पहाड़ी भूगोल, कृषि, परिश्रम और संभावनाओं की धरती है, वहां भी मुख्यमंत्री श्री कुमार ने विकास की अभूतपूर्व गति का संदेश दिया है। समृद्धि यात्रा के दौरान बांका में कुल 497 विकास योजनाओं के माध्यम से जिले को नई दिशा दी गई। इनमें 278 योजनाओं का उद्घाटन और 219 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। राम ने कहा कि बांका में श्री कुमार ने विकास योजनाओं का अवलोकन किया, कटोरिया के डिग्री कॉलेज परिसर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया, लाभुकों को चेक प्रदान किया, आशा दीदियों से संवाद किया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया। यह बताता है कि उनका दौरा केवल औपचारिक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से जुड़ा हुआ जवाबदेह विकास मॉडल है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups