हनीट्रैप कर लूट, ब्लैकमेल करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, छह सदस्य गिरफ्तार!

Mon, Mar 16 , 2026, 08:43 PM

Source : Uni India

रुद्रपुर। उत्तराखंड की ऊधमसिंहनगर पुलिस (Udham Singh) ने हनीट्रैप कर लूट, डकैती और ब्लैकमेल की वारदात को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई हुंडई आई-10 कार, नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति (Ajay Ganpati) ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 14 मार्च की रात को गिरोह ने महिलाओं के जरिए फोन कर एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और उसे मिलने के बहाने नानकमत्ता के मच्छी झाला क्षेत्र में बुलाया। पीड़ित जैसे ही अपनी हुंडई आई-10 कार से मौके पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद महिलाओं और उनके साथियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसे कार से उतारकर भड़ाभुड़िया स्थित एक घर में बंधक बना लिया। वहां उसके साथ मारपीट कर कपड़े उतरवाए और महिलाओं के साथ अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रची। इसी दौरान आरोपियों ने पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और कार लूट ली।

घटना के बाद 15 मार्च को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर डैम बंदे क्षेत्र में घेराबंदी कर लूटी गई कार को रोक लिया। वाहन में सवार तारा सिंह, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू, गुरमीत कौर और सीमा कौर (Gurmeet Kaur, and Seema Kaur) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाद में रमन सिंह और गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल को वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से लूटी गई सोने की अंगूठी और नगदी बरामद हुई।  पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पहले ऐसे लोगों को चिन्हित करता था जो आसानी से महिलाओं के झांसे में आ सकें। महिला सदस्य फोन पर बातचीत कर उन्हें अपने जाल में फंसाती थीं और सुनसान स्थान पर बुलाकर बाकी साथी बंधक बनाकर मारपीट और लूटपाट करते थे। अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल भी किया जाता था।

पुलिस के अनुसार गिरोह लूटी गई कार को नेपाल में बेचने की फिराक में था लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। इस संबंध में कोतवाली नानकमत्ता में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह (Tara Singh) नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस समेत कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के खिलाफ उप्र में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।
 

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups