Mamata demands PM resignation: एसआईआर विवाद पर प्रधानमंत्री से ममता ने मांगा इस्तीफा, राज्यपाल को हटाने का भी लगाया आरोप!

Mon, Mar 09 , 2026, 08:40 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को शहर के मुख्य केंद्र धर्मतला में धरना मंच से केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। चल रहे एसआईआर विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग की और आरोप लगाया कि पूर्व राज्यपाल सी वी आनंद बोस पर इस्तीफा देने के लिए दबाव डाला गया था।

धरना प्रदर्शन में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर मतदाता सूची से नाम हटाकर चुनावी प्रक्रिया को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्र के नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा, "वे चुनाव होने से पहले ही चुनाव करा रहे हैं। प्रधानमंत्री से कहिए कि वे इस्तीफा दें।"
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार लोगों को उनके मताधिकार से वंचित नहीं होने देगी। 

बनर्जी ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया का इस्तेमाल मतदाता सूची से मनमाने ढंग से नाम हटाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "लोगों को वोट डालने की अनुमति मिलनी चाहिए। हम किसी को भी वोट देने का अधिकार छीनने नहीं देंगे।"

उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया के दौरान महिलाओं को 'चुनिंदा' तौर पर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने अपने घर की एक महिला का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया, "वे महिलाओं को पसंद नहीं करते। इसीलिए वे चुनिंदा तरीके से महिलाओं के नाम हटा रहे हैं। शादी और पता बदलने के बाद उस महिला का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया।"

बनर्जी ने भाजपा पर बंगालियों के खिलाफ 'दुष्प्रचार' फैलाने का भी आरोप लगाया। उनके अनुसार, भाजपा नेता यह दावा कर लोगों को गुमराह कर रहे थे कि उन्होंने बड़ी संख्या में मुसलमानों को राज्य में प्रवेश करने की अनुमति दी है। इन आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने सवाल किया, "जब देश आजाद हुआ था, क्या तब मेरा जन्म भी हुआ था?"

इस सप्ताह की शुरुआत में राज्यपाल बोस के इस्तीफे का जिक्र करते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया कि उन्हें पद छोड़ने के लिए मजबूर किया गया था। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की हालिया बंगाल यात्रा के दौरान बोस को उनकी आगवानी करनी थी, लेकिन इसके बजाय उन्हें दिल्ली ले जाया गया और इस्तीफा दिलवाया गया।

बोस के अचानक इस्तीफे के पीछे की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए और इसमें भाजपा की भूमिका का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने एक बंगाली कहावत का हवाला देते हुए टिप्पणी की, "जरूरत पड़ने पर किसी का इस्तेमाल करो, लेकिन काम निकल जाने पर उसे फेंक दो।"

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups