आइजोल: दक्षिणी मिजोरम के सियाहा जिले में सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान में एयर राइफलों और संबंधित उपकरणों का जखीरा जब्त (Assam Rifles seize air rifles) किया है और इस सिलसिले में म्यांमार के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है। रविवार को आइजोल में असम राइफल्स की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह अभियान अर्धसैनिक बल के जवानों और लुंगबुन पुलिस चौकी के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से चलाया था। यह जब्ती गुरुवार तड़के सियाहा जिले के निआहत्लांग गांव में हुई।
बयान में कहा गया है कि संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में छर्रों और अन्य सामान के साथ कुल 19 एयर राइफलें बरामद कीं। जब्त की गयी वस्तुओं में 18 एनएक्स200 4.5 एमएम एयर राइफल और एक पीएक्स100 4.5 एमएम एयर राइफल शामिल है। इसके अलावा, टीम ने 150 डिब्बों में पैक 75,000 एक्साइट-ब्रांड के छर्रे, एयर राइफल में इस्तेमाल होने वाला एक टेलीस्कोप, एक नाइट्रो पिस्टन, एयर राइफल में इस्तेमाल होने वाला एक स्प्रिंग और एक मोबाइल फोन बरामद किया।
अभियान के दौरान म्यांमार के दक्षिणी चिन राज्य के मातुपी टाउनशिप के तहत जियुक गांव के निवासी 36 वर्षीय खार लियान नामक एक म्यांमार नागरिक को पकड़ा। असम राइफल्स ने बताया कि यह अभियान आधी रात के कुछ समय बाद चलाया गया था। बयान में कहा गया, "पांच मार्च को आधी रात करीब 12:05 पर संयुक्त टीम ने सियाहा जिले के निआहत्लांग में पंजीकरण संख्या एमजेड06 ए 0926 वाले एक संदिग्ध वाहन टाटा योद्धा को रोका।"
इसमें कहा गया है कि वाहन को म्यांमार का नागरिक चला रहा था और वाहन की तलाशी के दौरान एयर राइफलों के साथ अन्य सामान बरामद किया गया। बयान में आगे कहा गया कि जब्ती के बाद पकड़े गये व्यक्ति को बरामद सामान के साथ आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सियाहा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया।सियाहा जिला म्यांमार के साथ खुली सीमा साझा करता है। सुरक्षा बल तस्करी और अन्य सीमा पार गतिविधियों को रोकने के लिए सरहद पर कड़ी निगरानी रखते हैं। अधिकारियों ने जब्त वस्तुओं के स्रोत और उनके गंतव्य का पता लगाने के लिए जांच जारी रखा हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Mar 09 , 2026, 08:09 AM