बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के महसी क्षेत्र में जंगली जानवर (wild animal attack) के हमले में एक दस वर्षीय बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महसी (Community Health Center) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब दो बजे महसी क्षेत्र के चमारनपुरवा गांव (Chamaranpurwa village) निवासी 10 वर्षीय कोमल पुत्री बलराम गांव के पास बाग में बकरी चरा रही थी। इसी दौरान कछार की ओर से आए एक जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया, जिससे बच्ची की जांघ में गंभीर चोटें आईं। बच्ची को जानवर के चंगुल में फंसा देख उसके साथ बकरी चरा रही 50 वर्षीय कुशमा पत्नी मेवालाल और नौ वर्षीय मुस्कान पुत्री भुलन उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ीं। इस दौरान जंगली जानवर ने दोनों पर भी हमला कर दिया, जिससे उनके हाथों में पंजा लगने से चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह जंगली जानवर को भगाया और तीनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महसी पहुंचाया। सीएचसी महसी के अधीक्षक डॉ. उपेंद्र वर्मा ने बताया कि जंगली जानवर के हमले में घायल तीनों लोगों को अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर होने पर घर भेज दिया गया है। एहतियात के तौर पर तीनों को तीसरे दिन दोबारा जांच और उपचार के लिए बुलाया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Mar 05 , 2026, 08:36 PM