चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने गुरुवार को भगवंत मान सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार लगातार कर्ज पर कर्ज लेकर पंजाब को गंभीर वित्तीय संकट की ओर धकेल रही है। चुघ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब का कर्ज तेजी से बढ़कर चार लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि बजट से ठीक पहले सरकार फिर से एक भारी कर्ज लेने की तैयारी में है, जिससे राज्य का कुल कर्ज पांच लाख करोड़ के पार जा सकता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि इतना भारी कर्ज लेने के बावजूद जमीन पर कोई विकास नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में न तो कोई नया बड़ा बांध बना है, न ही कोई बड़ा पुल या औद्योगिक इकाइयां स्थापित हुई हैं। कृषि क्षेत्र में भी कोई सार्थक बदलाव नहीं आया है। ये कर्ज विकास के लिए नहीं, बल्कि भगवंत मान सरकार की विफलताओं को छिपाने के लिए लिया जा रहा है। पंजाब का पैसा विकास के बजाय विज्ञापनों और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के राजनीतिक दौरों पर खर्च किया जा रहा है।
चुघ ने कहा कि 2022 के चुनावों में श्री केजरीवाल ने वादा किया था कि अवैध खनन पर लगाम लगाकर सालाना 20,000 करोड़ रुपये का राजस्व पैदा किया जाएगा, लेकिन हकीकत यह है कि पिछले चार वर्षों में पंजाब को खनन से केवल 800 करोड़ रुपये के करीब राजस्व मिला है, जो वादे से 100 गुना कम है। उन्होंने खनन विभाग में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब आरोप बाहर से नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष के भीतर से लग रहे हैं। उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के सांसद मालविंदर कांग ने खनन विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर गंभीर चिंता जतायी है, फिर भी भगवंत मान सरकार ने तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। एक सरकारी एसडीओ के पत्र ने भी इस भ्रष्टाचार नेटवर्क की पोल खोल दी है।
श्री चुघ ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग ‘कट्टर ईमानदारी’ (radical honesty) का दावा करते थे, वे ‘कट्टर बेईमान’ (radically dishonest) साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ता कर्ज, घटता राजस्व और संसाधनों का दोहन यह स्पष्ट करता है कि सरकार के पास न तो कोई स्पष्ट नीति है और न ही प्रशासनिक क्षमता। पंजाब की मेहनतकश जनता अब पूछ रही है कि अगर सरकार लगातार कर्ज ले रही है, तो वह पैसा आखिर जा कहां रहा है?



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Mar 05 , 2026, 07:05 PM