West Asian: पश्चिम एशिया का हवाई क्षेत्र बंद होने से कोलकाता की उड़ानें प्रभावित, बढ़ते संकट के बीच यात्री फंसे

Sun, Mar 01 , 2026, 06:48 PM

Source : Uni India

कोलकाता। इज़राइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले के बाद शुरू हुए युद्ध के मद्देनजर कई खाड़ी देशों (Gulf countries) ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया, जिससे अंतरराष्ट्रीय विमानन मार्गों पर व्यापक असर पड़ा है। इसके चलते रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Netaji Subhas Chandra Bose International Airport) से पश्चिम एशिया की ओर जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। हवाईअड्डा सूत्रों के अनुसार कोलकाता से दोहा, दुबई, अबू धाबी और अन्य पश्चिम एशियाई गंतव्यों के लिए सेवाएं या तो रद्द कर दी गईं या अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गईं, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए।

प्रभावित उड़ानों में दुबई के लिए अमीरात, दोहा के लिए कतर एयरवेज, (Qatar Airways) अबू धाबी के लिए एतिहाद एयरवेज सहित सऊदी अरब और खाड़ी क्षेत्र की अन्य उड़ानें शामिल हैं। यात्रियों का आरोप है कि उड़ान रद्द होने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई। कई लोग हवाईअड्डे पहुंचने के बाद ही जान पाए कि उनकी उड़ान रद्द कर दी गई है। अचानक हुई घोषणाओं के कारण प्रस्थान टर्मिनलों पर अफरा-तफरी और चिंता का माहौल बन गया। एयरलाइन काउंटरों पर लंबी कतारें लग गईं, जहां यात्री स्पष्टीकरण, धनवापसी या पुनर्निर्धारण की जानकारी लेने पहुंचे। कुछ स्थानों पर यात्रियों और ग्राउंड स्टाफ के बीच तीखी बहस की भी खबर है।कई भारतीय एयरलाइनों ने भी अस्थायी रूप से सेवाएं निलंबित करने की घोषणा की है। इंडिगो ने कहा कि ईरान और आसपास के देशों के ऊपर हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण उसकी मध्य पूर्व से आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुई हैं।

इसी तरह स्पाइस जेट ने बयान जारी कर कहा कि दुबई हवाई क्षेत्र बंद होने से उसकी कुछ सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। वहीं, एयर इंडिया ने मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए मध्य पूर्व के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रोकने की घोषणा की है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी "सर्वोच्च प्राथमिकता" है और स्थिति के अनुसार अपडेट जारी किए जाएंगे। इस संकट का असर देश के अन्य हवाईअड्डों पर भी देखने को मिला, जहां खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों को अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के कई हवाईअड्डों पर भी अचानक हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण भारतीय यात्री फंसे हुए हैं।
अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह स्थिति पर नजर रखे हुए है और स्थानीय अधिकारियों तथा एयरलाइनों के संपर्क में है ताकि प्रभावित भारतीय नागरिकों को सहायता दी जा सके। दूतावास ने यात्रियों से अपनी-अपनी एयरलाइनों के संपर्क में रहने और सामान्य उड़ान सेवाएं बहाल होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हवाई क्षेत्र बंद होने से अंतरराष्ट्रीय विमानन नेटवर्क पर गहरा प्रभाव पड़ा है। सुरक्षा आकलन के आधार पर विमानन प्राधिकरण समय-समय पर परिचालन की समीक्षा करेंगे। फिलहाल, पश्चिम एशिया जाने वाले यात्रियों के लिए अनिश्चितता बनी हुई है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups