विमान ईंधन 5.74% महंगा, हवाई सफर पर पड़ सकता है असर

Sun, Mar 01 , 2026, 10:36 AM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों (oil marketing companies) ने लगातार दो बार की कटौती के बाद रविवार से विमान ईंधन (aircraft fuel) की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की है।
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (Oil marketing company Indian Oil Corporation) की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में आज से विमान ईंधन की कीमत 5,245 रुपये (5.74 प्रतिशत) बढ़कर 96,638 रुपये प्रति किलोलीटर हो गयी है। यह दिसंबर 2025 के बाद का उच्चतम स्तर है।
इससे पहले जनवरी और फरवरी में दाम घटाये गये थे। दोनों बार में कीमत में कुल 8,283 रुपये की कटौती की गयी थी जो 9.06 प्रतिशत के बराबर है।
विमान ईंधन के दाम बढ़ने से हवाई सफर महंगा हो सकता है। फ्लाइट के टिकट की कीमत में ईंधन का शुल्क भी शामिल होता है। विमान सेवा कंपनियों के कुल व्यय का लगभग 35-40 प्रतिशत इसी मद में खर्च होता है। पहले से ही दबाव में चल रही विमान सेवा कंपनियों के ईंधन की बढ़ी लागत का बोझ सीधे यात्रियों पर डालने की संभावना है।
देश के दूसरे शहरों में भी विमान ईंधन महंगा हुआ है। कोलकाता में इसकी कीमत 5.44 फीसदी बढ़कर 99,587 रुपये और मुंबई में 5.82 प्रतिशत बढ़कर 90,452 रुपये प्रति किलोलीटर पर पहुंच गयी है।
चेन्नई में इस साल पहली बार विमान ईंधन एक लाख रुपये प्रति किलोलीटर के पार पहुंच गया। आज से इसकी कीमत में 5.80 प्रतिशत की वृद्धि की गयी है और अब यह 1,00,280 रुपये प्रति किलोलीटर का मिलेगा।
तेल विपणन कंपनियां हर महीने विमान ईंधन की कीमतों की समीक्षा करती हैं और नयी कीमतें हर महीने की पहली तारीख से लागू की जाती हैं।
अजीत

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups