नयी दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों (oil marketing companies) ने होली (Holi) से ठीक पहले वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर (LPG cylinder) के दाम (Price) बढ़ा दिये हैं जबकि घरेलू सिलेंडर (domestic cylinder) के मूल्य में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में रविवार से 19 किलोग्राम वाला वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर 1,768.50 रुपये का हो गया है। यह मार्च 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।
वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इस साल लगातार तीसरी बार वृद्धि हुई है। दिल्ली में जनवरी में इसकी कीमत 111 रुपये और फरवरी में 49 रुपये बढ़ी थी। इस प्रकार तीन बार में कीमत में कुल 188 रुपये की बढ़ोतरी की गयी है।
वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर का उपयोग होटल, रेस्त्रां, ढाबों समेत सभी गैर-घरेलू उद्देश्यों के लिए होता है।
देश के अन्य मेट्रो शहरों में भी लगभग इतनी ही बढ़ोतरी की गयी है। कोलकाता में इसकी कीमत 31 रुपये बढ़कर 1,875.50 रुपये और मुंबई में 28.50 रुपये बढ़कर 1,720.50 रुपये हो गयी है। चेन्नई में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 29.50 रुपये महंगा होकर आज से 1,929 रुपये का मिलेगा।
वहीं, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 08 अप्रैल 2025 के बाद से कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। दिल्ली में इसकी कीमत 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये पर स्थिर है।
तेल विपणन कंपनियां रसोई गैस की कीमतों की हर महीने समीक्षा करती हैं। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कीमतों में बदलाव और डॉलर की तुलना में रुपये की विनिमय दर के आधार पर आम तौर पर हर महीने की पहली तारीख से नयी कीमतें तय की जाती हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Mar 01 , 2026, 10:22 AM