अमेरिका ने भारत सहित इंडोनेशिया, लाओस से आयात किये जाने वाले सोलर पर लगाया कांउटरवेलिंग ड्यूटी!

Wed, Feb 25 , 2026, 07:22 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। अमेरिकी वाणिज्य विभाग (US Department of Commerce) ने भारत, इंडोनेशिया और लाओस से सौर पैनल के आयात पर प्रारंभिक प्रतिकारी शुल्क (Countervailing Duty) लगाने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य इन देशों द्वारा अपने उत्पादकों को दी जाने वाली सब्सिडी की भरपाई करना बताया गया है। प्रारंभिक आयात शुल्क दरें भारत के लिए 125.87 प्रतिशत, इंडोनेशिया के लिए 104.38 प्रतिशत और लाओस के लिए 80.67 प्रतिशत निर्धारित की गई हैं।

यह आयात शुल्क घरेलू सौर पैनल उत्पादकों (Domestic Solar Panel Producers) का प्रतिनिधित्व करने वाले 'अलायंस फॉर अमेरिकन सोलर मैन्युफैक्चरिंग एंड ट्रेड' द्वारा 17 जुलाई, 2025 को दायर याचिकाओं के बाद लगाया गया है। याचिकाओं में दावा किया गया था कि इन तीन देशों से 'क्रिस्टलाइन सिलिकॉन फोटोवोल्टिक सेल' का आयात कर अमेरिकी बाजार में उचित मूल्य से कम पर बेचा जा रहा था, जिससे घरेलू सौर उद्योग को क्षति पहुँच रही थी। रिकॉर्ड से पता चला है कि याचिकाओं में प्रतिकारी शुल्क के अनुरोध शामिल थे और इनके साथ 21 जुलाई से 4 अगस्त, 2025 के बीच की जानकारी भी प्रस्तुत की गई थी।

यह कार्रवाई अगस्त 2025 में अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार आयोग (US International Trade Commission) के उन निष्कर्षों के बाद हुई है, जिनमें कहा गया था कि भारत, इंडोनेशिया और लाओस से आयात ने घरेलू उद्योग को नुकसान पहुँचाया है। अमेरिकी वाणिज्य विभाग की समीक्षा में भारत के सबसे हालिया वित्तीय वर्ष के आयात आंकड़ों और इंडोनेशिया तथा लाओस के लिए वर्ष 2024 के कैलेंडर-वर्ष के आंकड़ों का उपयोग किया गया है। प्रारंभिक 'एंटी-डंपिंग' शुल्क का निर्धारण अप्रैल में होना है, जबकि अंतिम संयुक्त दरों की घोषणा सितंबर में होने की उम्मीद है। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार आयोग द्वारा अक्टूबर में अंतिम क्षति निर्धारण किया जाएगा, जिसके बाद सीमा शुल्क विभाग अंतिम आयात शुल्क एकत्र करेगा।

अमेरिका द्वारा भारत, इंडोनेशिया और लाओस से आयात पर प्रारंभिक शुल्क लगाए जाने के बाद बुधवार को भारतीय सौर उपकरण निर्माताओं के शेयरों में भारी गिरावट आई। शुरुआती कारोबार में निर्माताओं पर बुरा असर पड़ा, जिसमें वारी एनर्जीज और प्रीमियर एनर्जीज के शेयर लगभग 15 प्रतिशत तक लुढ़क गए, जबकि विक्रम सोलर के शेयरों में लगभग आठ प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि बाद में इसमें कुछ सुधार हुआ।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups