नयी दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की सांसद सुप्रिया सुले (MP Supriya Sule) ने कहा है कि अगर सबका समर्थन मिला, तो श्री शरद पवार को महाराष्ट्र से राज्यसभा भेजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी विधायक इस प्रस्ताव के बारे में पहले ही कांग्रेस विधायकों से बात कर चुके हैं। सुश्री सुले ने कहा कि वह दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगी और कांग्रेस और श्री उद्धव ठाकरे दोनों से आग्रह करेंगी कि वे महा विकास अघाड़ी से राज्यसभा के लिए श्री पवार की उम्मीदवारी को अंतिम रूप दें।
सुश्री सुले ने साफ किया कि श्री पवार के हाल के स्वास्थ्य परीक्षण (Health Checkup) की वजह से नामांकन पर अभी तक उनसे कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर जल्द ही बात की जाएगी। श्री पवार को हाल ही में रूबी हॉस्पिटल (Ruby Hospital) से छुट्टी मिली है और मंगलवार को मुंबई जाने की उनकी योजना है। अगले दो दिनों तक वे स्वास्थ्य निगरानी में रहेंगे। सुश्री सुले ने कहा कि पार्टी के अंदर यह मजबूत भावना है कि पवार को राज्यसभा में राकांपा से प्रतिनिधित्व करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जयंत पाटिल और शशिकांत शिंदे (Shashikant Shinde) ने श्री ठाकरे से मिलने का समय मांगा है। पवार की उम्मीदवारी को लेकर वह संजय राउत (Sanjay Raut) और अनिल देसाई के संपर्क में हैं। जिन 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें से महाराष्ट्र की सात सीटें हैं।
विधानसभा में मौजूदा संख्या के आधार पर सत्ताधारी महायुति गठबंधन को छह सीटें मिलने की उम्मीद है, जबकि महा विकास अघाड़ी को एक सीट मिलने की संभावना है।
महा विकास अघाड़ी में श्री ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के पास 20 विधायक हैं, कांग्रेस के पास 16 और श्री पवार के नेतृत्व वाले राकांपा के पास 10 विधायक हैं। गठबंधन को कुछ निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन हासिल है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Feb 25 , 2026, 07:09 PM