तेहरान/ वाशिंगटन: ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची (Iranian Foreign Minister Seyed Abbas Araghchi) ने कहा है कि ईरान अमेरिका के साथ संभावित परमाणु समझौते का मसौदा दो-तीन दिन में तैयार कर लेगा, जबकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने कहा है कि वह ईरान पर ‘सीमित सैन्य हमले (limited military strike)’ करने पर विचार कर रहे हैं। अराघची ने एमएसएनबीसी चैनल को दिये गये एक साक्षात्कार में कहा, “ मेरा अगला कदम एक संभावित समझौते का मसौदा अपने अमेरिकी समकक्षों को सौंपना है। यह मसौदा अगले दो से तीन दिनों में तैयार हो जाएगा।
एक बार तैयार हो जाने पर मसौदा पश्चिमी एशिया में अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा, “ दोनों पक्षों को एक अच्छे निष्कर्ष की ओर काम करने से पहले एक और चर्चा के दौर की जरूरत होगी। उल्लेखनीय है कि अराघची ने मंगलवार को हुए अप्रत्यक्ष वार्ता के दूसरे दौर में कहा था कि ईरान ने अपने देश में यूरेनियम संवर्धन खत्म करने का प्रस्ताव नहीं रखा है, न ही अमेरिका ने ऐसी कोई मांग की है। श्री अराघची ने कहा कि एक ‘न्यायपूर्ण और बराबरी वाला’ समझौता हो सकता है, लेकिन पश्चिमी एशिया में अमेरिकी सेना की बढ़ती उपस्थिति ‘बिल्कुल अनावश्यक और अस्वस्थ’ है।
दूसरी ओर ट्रंप ने कहा कि वह ईरान पर समझौता करने के लिए दबाव बनाने की खातिर सीमित हमला करने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, “ ऐसा कह सकते हैं कि मैं इसपर विचार कर रहा हूं। अराघची ने शुक्रवार को ईरान और अमेरिका के बीच अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता के बारे में नवीनतम जानकारी देने के लिए अपने मिस्र और रूसी समकक्षों के साथ अलग-अलग फ़ोन कॉल किये। मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलती ने ईरान और अमेरिका के बीच चल रही कूटनीतिक प्रक्रिया का स्वागत किया। उन्होंने आग्रह किया कि शामिल पार्टियों के लिए एक ‘स्वीकार्य’ खाका हासिल करने के लिए बातचीत जारी रहें।
एक अलग फ़ोन कॉल में, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि वह ऐसी बातचीत का समर्थन करते हैं, जिसका मकसद ‘अप्रसार संधि के सिद्धांतों के तहत ईरान के वैध अधिकारों के सम्मान के आधार पर बराबर राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान ढूंढना’ है। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र (संरा) महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने शुक्रवार को कहा कि संरा ईरान के हालात को लेकर बहुत चिंतित है। ईरान के संरा राजदूत आमिर सईद इरावानी ने कहा कि देश किसी भी सैन्य हमले का ‘दृढ़ता से और उसी हिसाब से’ जवाब देगा। उन्होंने सुरक्षा परिषद
और संरा महासचिव से ‘बिना देर किये कार्रवाई करने’ की अपील की।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Feb 21 , 2026, 04:28 PM