ग्वालियर: उत्तरी मध्यप्रदेश में बदले मौसम के असर से ग्वालियर-चंबल अंचल में मंगलवार को रिमझिम बारिश दर्ज की गई। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जो दोपहर बाद पहले बूंदाबांदी और फिर रिमझिम बारिश में बदल गए। दोपहर करीब 12.30 बजे शुरू हुई बारिश शाम 6.30 बजे तक जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार शाम 5 बजे तक 4.2 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी थी।
बारिश के बाद ठंड में इजाफा हो गया है। बीते 48 घंटों के दौरान ग्वालियर सहित पूरे प्रदेश में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है। ठंडी हवाओं के असर से दिन के तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। तीन दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस था, वह घटकर 21 से 22 डिग्री पर आ गया, जबकि मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम में आए इस बदलाव को पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर बताया जा रहा है। तापमान गिरने से लोगों को दिन में भी ठंड का एहसास होने लगा है। आंशिक बादलों के बीच धूप जरूर निकली, लेकिन उसमें पहले जैसी तीव्रता नहीं रही। दोपहर बाद ग्वालियर-चंबल अंचल में हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो बाद में रिमझिम बारिश में तब्दील हो गई। मंगलवार सुबह ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8.30 बजे तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जबकि मंगलवार को यह 19.3 डिग्री पर पहुंच गया। इस तरह दिन और रात के तापमान में अंतर घटकर करीब 10 डिग्री रह गया है। स्थानीय मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटों में ग्वालियर-चंबल अंचल में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। अगले दो दिन तक मौसम इसी तरह बने रहने के आसार हैं, जिससे रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 28 , 2026, 07:47 AM