लातेहार: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोध फॉल जा रही एक यात्री बस रविवार को ओरसा घाटी में भीषण हादसे का शिकार हो गई। ढलान पर बस का ब्रेक फेल हो जाने से अनियंत्रित होकर बस पलट गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 70 से अधिक यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका दहशत में आ गया। दुर्घटनाग्रस्त बस ज्ञान गंगा हाई स्कूल, बलरामपुर की बताई जा रही है, जिसका पंजीयन संख्या सीजी-15 एबी 0564 है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। ओरसा घाटी की तीखी ढलान पर पहुंचते ही बस अचानक तेज रफ्तार में नीचे की ओर बढ़ने लगी और कुछ ही पलों में पलट गई। पलटते ही जोरदार धमाका हुआ और कई यात्री बस के नीचे दब गए।
बस चालक विकास पाठक ने बताया कि घाटी में उतरते समय ही उन्हें ब्रेक फेल होने का एहसास हो गया था। उन्होंने बस को नियंत्रित करने के लिए हैंडब्रेक और गियर का सहारा लिया, लेकिन लगातार ढलान होने के कारण बस पर नियंत्रण नहीं रखा जा सका। चालक के मुताबिक उन्होंने यात्रियों को संभलने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन कुछ ही क्षणों में हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्राम ओरसा के दर्जनों महिला-पुरुष मौके पर पहुंचे और मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायलों को बस के नीचे से बाहर निकालने में जुट गए। स्थानीय लोगों ने बिना किसी उपकरण के घायलों को निकालकर सड़क किनारे लिटाया और प्रशासन को सूचना दी। ग्रामीणों की तत्परता से कई घायलों की जान बच सकी। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ और कार्मेल अस्पताल महुआडांड़ में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार 60 से अधिक घायलों का इलाज सीएचसी महुआडांड़ में चल रहा है, जबकि 20 से अधिक गंभीर घायलों को कार्मेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पतालों में घायलों की चीख-पुकार और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान बलरामपुर जिले के पिपरसोट गांव निवासी रेसंती देवी, प्रेमा देवी, सीता देवी एवं सुखना सूईयां के रूप में की गई है।
वहीं एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। हादसे ने एक बार फिर घाटी क्षेत्रों में वाहनों की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ओरसा घाटी में हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 19 , 2026, 07:42 AM