Plot to Kill: मथुरा में व्यापारी नेता की हत्या की साजिश का पर्दाफाश, मुठभेड़ के बाद दो लाख के सुपारी किलर गिरफ्तार

Wed, Jan 14 , 2026, 08:00 PM

Source : Uni India

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले की गोवर्धन पुलिस (Govardhan police) और स्वाट टीम (SWAT) ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने गणेश पहलवान (Ganesh  Pehalwan)की हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी ली थी। पकड़े गए आरोपियों के पास से अवैध असलहे और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बुधवार को पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गणेश पहलवान की उनके पड़ोसी दुकानदार अन्नू तिवारी के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। अन्नू तिवारी ने अपने साथी नारायण उर्फ आरव के माध्यम से गणेश पहलवान को रास्ते से हटाने के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी थी। डील के तहत अभियुक्तों को 10 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि बाकी रकम काम पूरा होने के बाद मिलनी थी।

गिरफ्तार आरोपी समसुद्दीन उर्फ भोला और नीरज निवासी शेरगढ़ ने बताया कि उन्होंने चार जनवरी की रात को भी गणेश पहलवान पर गोलीबारी की थी। उस दौरान वे कार से आए थे और अन्नू तिवारी ने खुद मोटरसाइकिल उपलब्ध कराकर पहलवान के घर का रास्ता दिखाया था। हालांकि, शोर मचने के कारण पहलवान बच गए और आरोपी भाग निकले। सुपारी देने वाले आकाओं का दबाव था कि काम जल्द पूरा किया जाए, जिसके चलते वे दोबारा हमले की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जतीपुरा के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने समसुद्दीन और नीरज को दबोच लिया। इनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस और एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
सीओ अनिल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी अन्नू तिवारी और नारायण की तलाश में जुटी है। इस सफलता में स्वाट टीम और गोवर्धन पुलिस के करीब 17 कर्मियों की अहम भूमिका रही।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups