चंडीगढ़, 10 मार्च (वार्ता)। पंजाब 117 सदस्यीय विधानसभा चुनावों की आज हो रही मतगणना (counting of votes) के अब तक के रूझानों में आम आदमी पार्टी (AAP) 88 सीटों पर बढ़त हासिल कर राज्य की राजनीति में इतिहास रचने की ओर बढ़ रही है। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस 15 सीटों पर बढ़त के साथ दूसरे जबकि शिरोमणि अकाली दल(SAD) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन नौ तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) गठबंधन महत चार सीटों पर आगे है। एक सीट पर अन्य आगे चल रहा है। मतगणना के शुरुआती रुझानों में बाजी मारती दिखाई दे रही है। रुझान अगर परिणाम में बदलते हैं तो पार्टी दो तिहाई से ज्यादा बहुमत हासिल कर लेगी। दो तिहाई बहुमत के लिये 78 सीटें होना जरूरी है तो ऐसे में आप काफी अंतर से आगे है। यह पहला मौका होगा जब आप की पंजाब में सरकार बनेगी। इस समय पार्टी की दिल्ली में अपनी सरकार है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी 20 सीटें लेकर दूसरे नम्बर पर रही थी। कांग्रेस उस समय 77 सीटें लेकर सरकार बनाने में कामयाब रही थी। वहीं शिअद को 15 सीटें मिलीं थीं और इस बार भी उसकी हालत पतली नजर आ रही है। उसके दिग्गत नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल, बिक्रम सिंह मजीठिया मतगणना में काफी पिछड़ गये हैं। वहीं भाजपा को गत चुनाव में अपने बूते तीन सीटें जीतीं थीं और इस बार इसका पीएलसी और शिअद(संयुक्त) के साथ गठबंधन है जो ताजा रूझानों में मात्र पांच सीटों पर आगे चल रहा है। पीएलसी अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला-शहरी विधानसभा क्षेत्र से पिछड़ गये हैं। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब और भदौर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजाेत सिंह सिद्धू भी अमृतसर-पूर्वी से पीछे चल रहे हैं। पार्टी के अन्य दिग्गज चुनाव में पिछड़ गये हैं। इनमें अनेक कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा (Sukhjinder Singh Randhawa) डेरा बाबा नानक और तृप्त रजिंदर बाजवा फतेहगढ़ चूड़ियां में आगे हैं। आप के राष्ट्रीय संयाेजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनादेश के लिये राज्य की जनता का आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिये बधाई भी दी है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है वह उसे निभाएंगे। मिलजुल कर पंजाब के लिये काम करेंगे और राज्य को आगे लेकर जाएंगे। पार्टी के पंजाब मामलों के सह प्रभारी राघव चढ्डा ने कहा कि पंजाब की जनता ने साबित कर दिया है कि उसे केजरीवाल -भगवंत मान की जोड़ी पसंद है। इस जीत की श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और राज्य की जनता को जाता है जिसने अन्य सभी दलों को नकारते हुये एक ईमानदार पार्टी को चुना है और ‘केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस एंड डेवलपमेंट‘ को जनादेश दिया है। यह जनादेश विशुद्ध रूप से कांग्रेस और शिअद के कथित भ्रष्ट शासन के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि गत कुछ महीनों में अन्य दलों ने आप और इसके नेताओं पर अनर्गल आरोप लगा कर बहुत कीचड़ उछाला लेकिन जनता ने इन्हें करारा जबाव दिया है। उन्होंने कहा कि आप राष्ट्रीय स्तर पर एक राजनीतिक ताकत बन कर उभर रही है और कांग्रेस का विकल्प बनेगी। आप की पंजाब में जीत से यह राज्य अब उड़ता पंजाब नहीं बल्कि खुशहाल पंजाब बनेगा। उन्होंने कहा कि आप की सरकार बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के सबके लिये काम करेगी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Mar 10 , 2022, 01:49 AM