Modi Pays Tribute on Birsa Mundas Birth Anniversary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने शनिवार को महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा को उनकी 150वीं जयंती (Bhagwan Birsa Munda 150th birth anniversary) पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। गौरतलब है कि इस दिन को आधिकारिक तौर पर 'जनजातीय गौरव दिवस (Tribal Pride Day)' के रूप में मनाया जाता है, जो भारत के इतिहास में आदिवासी समुदायों की महत्वपूर्ण भूमिका का सम्मान करता है।मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर स्वतंत्रता आंदोलन में भगवान बिरसा मुंडा की महत्वपूर्ण भूमिका और देश की आदिवासी विरासत की रक्षा के उनके प्रयासों का उल्लेख किया है।
उन्होंने कहा, "जनजातीय गौरव दिवस के इस पावन अवसर पर पूरा देश मातृभूमि के गौरव की रक्षा में देश के महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान को श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है।भगवान बिरसा मुंडा द्वारा दिए गए बलिदान और विदेशी उत्पीड़न के प्रति उनका प्रतिरोध राष्ट्रीय प्रेरणा का शाश्वत स्रोत बना हुआ है। विदेशी शासन के अन्याय के विरुद्ध उनका संघर्ष और बलिदान हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।
देश के महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी 150वीं जयंती पर शत-शत नमन।" प्रधानमंत्री ने कहा कि 2021 में 'जनजातीय गौरव दिवस' की स्थापना यह सुनिश्चित करने के लिए की गई थी कि भारत की अस्मिता और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी नायकों के अभूतपूर्व योगदान को व्यापक रूप से मान्यता मिल सके और उन्हें याद किया जा सके।
मोदी ने झारखंड के निवासियों को दी राज्य स्थापना दिवस की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को झारखंड के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। गौरतलब है कि आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी है।श्री मोदी ने झारखंड की समृद्ध आदिवासी विरासत और ऐतिहासिक साहस पर ध्यान केंद्रित करते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी शुभकामना संदेश में कहा, "आदिवासी संस्कृति से समृद्ध गौरवशाली झारखंड राज्य के सभी निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। "
उन्होंने राज्य की पहचान को इसके महानतम व्यक्ति भगवान बिरसा मुंडा से जोड़ते हुए कहा, "भगवान बिरसा मुंडा की इस धरती का इतिहास साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की गाथाओं से भरा पड़ा है। आज इस विशेष अवसर पर मैं राज्य में अपने सभी परिजनों के साथ मिलकर राज्य की प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूँ।" गौरतलब है कि 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड नया राज्य बना था।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Nov 15 , 2025, 12:41 PM