वीआईपी सीटों पर सीएम धामी, हरीश रावत और कर्नल कोठियाल समेत कई उम्मीदवार पीछे

Thu, Mar 10 , 2022, 12:51 PM

Source : Uni India

देहरादून, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव (uttarakhand assembly elections) के वोटों की गिनती जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे स्थितियां स्पष्ट होती जा रही हैं। चुनाव आयोग से अब तक मिले रुझानों में जहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर आ रहा है वहीं इस बार के चुनाव में अभी तक कई दिग्गज रुझानों (trends) में पिछड़ते नजर आ रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत (Harish Rawat), कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल और आप के मुख्यमंत्री चेहरा कर्नल अजय कोठियाल आदि शामिल हैं। खटीमा विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पीछे चल रहे हैं। हालांकि उनके वोटों का अंतर कम हुआ है। वे 16 वोट से कांग्रेस के भुवन चन्द्र कापड़ी से पीछे हैं। लालकुआं सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पिछड़ रहे हैं। उनके वोटों का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्तमान में वे 11000 से अधिक वोटों से पीछे हैं। नैनीताल जिले के बाजपुर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य पीछे चल रहे हैं। उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री सीट पर भाजपा आगे चल रही है। भाजपा के सुरेश सिंह चौहान पांच हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। यहां से आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरा कर्नल अजय कोठियाल तीसरे नंबर पर हैं। उन्हें अब तक करीब 2000 वोट ही मिले हैं। अल्मोड़ा (Almora) जिले के जागेश्वर सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल पीछे चल रहे हैं। कुंजवाल यहां से लगातार जीतते रहे हैं। अभी वे भाजपा के मोहन सिंह से 1600 के करीब वोटों से पीछे हैं। पौड़ी जिले के श्रीनगर सीट से कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत वोटों की गिनती में पीछे चल रहे हैं। वे कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से पिछड़ रहे हैं। गणेश गोदियाल करीब 500 वोटों से आगे हैं। इसी जिले के चोबट्टाखाल से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज आगे हैं। वे कांग्रेस के केसर सिंह से 2200 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं लैंसडाउन सीट पर पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति गोसाईं पीछे चल रही हैं। वह भाजपा के महंत दिलीप सिंह रावत से 5000 से अधिक वोटों से पीछे चल रही हैं। कोटद्वार सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी की बेटी ऋतु खंडूडी आगे हैं। यहां पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह साढ़े चार हजार वोटों से पीछे हैं। टिहरी से किशोर उपाध्याय आगे चल रहे हैं। पूर्व मंत्री दिनेश धनै 700 वोटों से पीछे हैं। यहां कांग्रेस के धन सिंह नेगी तीसरे नंबर पर हैं।
देहरादून के मसूरी से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सुबह से आगे चल रहे हैं। वे 12 हजार वोटों से बढ़त बनाये हुए हैं। इसी जिले के चकराता सीट पर प्रतिपक्ष के नेता प्रीतम सिंह आगे हैं। इनकी बढ़त करीब छह हजार वोटों की है। हरिद्वार सीट पर भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर चल रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक करीब सौ वोटों से पीछे हैं। कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी आगे हैं। हरिद्वार ग्रामीण सीट पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द सुबह से आगे चल रहे थे, लेकिन अब यहां से कांग्रेस की अनुपमा रावत आगे हो गई हैं। अनुपमा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की बेटी हैं।
हरिद्वार जिले के दो सीटों पर बसपा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं एक सीट खानपुर से निर्दलीय उमेश शर्मा आगे हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups