World Book Fair: भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित होगा 'विश्व पुस्तक मेला', पहली बार सभी के लिये निशुल्क प्रवेश!

Thu, Jan 08 , 2026, 05:57 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाला दुनिया का सबसे बड़ा पाठक-केंद्रित विश्व पुस्तक मेला (NDWBF) का 53वाँ आयोजन 10 से 18 जनवरी तक भारत मंडपम में किया जा रहा है। इस बार विश्व पुस्तक मेला भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित होगा। मेले का आयोजन राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (National Book Trust) द्वारा शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत किया जा रहा है, जबकि भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) इसमें सह-आयोजक हैं। इस वर्ष पुस्तक मेले की एक बड़ी विशेषता यह है कि पहली बार प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। इसका उद्देश्य पुस्तकों और ज्ञान को समाज के हर वर्ग तक सुलभ बनाना है। मेले का उद्घाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में कतर और स्पेन से आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इस वर्ष मेले में कतर अतिथि देश (गेस्ट ऑफ ऑनर कंट्री) और स्पेन फोकस कंट्री के रूप में भाग लेंगे।

एनडीडब्ल्यूबीएफ 2026 का मुख्य आकर्षण थीम पवेलियन "इंडियन मिलिट्री हिस्ट्री: वैलर एंड विज़डम 75" भारतीय सैन्य इतिहास: वीरता और ज्ञान 75 होगा। यह 1,000 वर्ग मीटर में फैला एक विशेष अनुभवात्मक स्थल होगा, जो आज़ादी के बाद से भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना की वीरता, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को समर्पित है। पवेलियन में 500 से अधिक पुस्तकें, क्यूरेटेड प्रदर्शनी, पोस्टर, डॉक्यूमेंट्री और इंस्टॉलेशन प्रदर्शित किए जाएंगे। इस पवेलियन में अर्जुन टैंक, आईएनएस विक्रांत और एलसीए तेजस के प्रतिरूप, 21 परमवीर चक्र विजेताओं को श्रद्धांजलि, तथा 1947 के युद्ध से लेकर हालिया सैन्य अभियानों तक पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। रक्षा विशेषज्ञों, लेखकों और सेवानिवृत्त सैनिकों द्वारा 100 से अधिक विषय-आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनका उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को देशभक्ति, नेतृत्व और सेवा के मूल्यों से प्रेरित करना है।

इस वर्ष मेले में कतर अतिथि देश (गेस्ट ऑफ ऑनर कंट्री) और स्पेन फोकस कंट्री के रूप में भाग लेंगे। इसके अलावा रूस, जापान, फ्रांस, पोलैंड, ईरान, कजाकिस्तान, हंगरी, चिली और अन्य देशों के प्रकाशक, लेखक और सांस्कृतिक संस्थान भी भाग लेंगे। बहुभाषी काव्य संध्याएँ, पुस्तक विमोचन, बाल साहित्य सत्र और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मेले का हिस्सा होंगी। पहली बार जापान का 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भारत-जापान पब्लिशर्स मीट एंड ग्रीट में भाग लेगा। इसके साथ ही, रीडिंग इंडिया संवाद 2026 नामक दो दिवसीय राष्ट्रीय संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें नीति निर्माता और शिक्षा विशेषज्ञ एनईपी 2020 और विकसित भारत-2047 के अनुरूप पठन संस्कृति को बढ़ावा देने पर चर्चा करेंगे।

मेले में पीयूष मिश्रा, स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी, कैलाश सत्यार्थी, दुर्जॉय दत्ता, जया किशोरी, रिकी केज सहित कई प्रसिद्ध लेखक, वक्ता और कलाकार भाग लेंगे। शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के बैंड, साथ ही अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। बाल पवेलियन 'किड्ज़ एक्सप्रेस' में कहानी सत्र, थिएटर, कला-शिल्प, क्विज़ और बाल लेखकों से संवाद आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय के माध्यम से 6,000 से अधिक निःशुल्क ई-बुक्स उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रकाशन उद्योग के लिए सीईओ स्पीक, न्यू दिल्ली राइट्स टेबल और लेखक लाउंज जैसे विशेष मंच भी होंगे। अपने विशाल आकार, विविधता और निःशुल्क प्रवेश के साथ नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 पुस्तकों, विचारों और संवाद का एक ऐतिहासिक उत्सव बनने जा रहा है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups