नयी दिल्ली: हॉकी इंडिया (Hockey India) ने सोमवार को चिली के सैंटियागो में 25 नवंबर से 13 दिसंबर तक होने वाले एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 (FIH Women's Junior Hockey World Cup 2025) के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम (Indian women's hockey team) की घोषणा की। विश्व कप की 20 सदस्यों वाली इस टीम में दो वैकल्पिक खिलाड़ी भी शामिल हैं। भारत टीम को जर्मनी, आयरलैंड और नामीबिया के साथ पूल सी में रखा गया है। भारतीय टीम (Indian team) अपने अभियान की शुरुआत एक दिसंबर को नामीबिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद तीन दिसंबर को जर्मनी और पांच दिसंबर को आयरलैंड के खिलाफ मैच होंगे। हर पूल से शीर्ष टीमें नॉकआउट स्टेज में पहुंचेंगी, जो सात से 13 दिसंबर तक खेले जाएंगे।
भारतीय टीम की कप्तानी ज्योति सिंह करेंगी और मुख्य कोच तुषार खांडकर होंगे। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी निधि और एंजिल हर्षा रानी मिंज संभालेंगी, जबकि डिफेंस की जिम्मेदारी मनीषा, लालथनुआलंगी, साक्षी शुक्ला, पूजा साहू और नंदिनी को दी गई है। वहीं मिडफील्ड में, भारत साक्षी राणा, इशिका, सुनेलिता टोप्पो, कप्तान ज्योति सिंह, खैडेम शिलेमा चानू और बिनिमा धन पर निर्भर रहेगा। फॉरवर्ड लाइन में सोनम, पूर्णिमा यादव, कनिका सिवाच, हिना बानो और सुखवीर कौर शामिल हैं, जो एक मजबूत आक्रमण का वादा करती हैं। प्रियंका यादव और पार्वती टोपनो को टूर्नामेंट के लिए वैकल्पिक खिलाड़ी के तौर पर नामित किया गया है।
टीम के रवाना होने से पहले चयन को लेकर भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच तुषार खांडकर ने कहा, “मेरी टीम जिस तरह से वे इस समय खेल रही हैं, उससे बहुत खुश हूं। मेरा मुख्य सिद्धांत हॉकी में अनुशासन है और मैंने इस टीम को बनाते समय इसी पर ध्यान केंद्रित रखा है। हमने एक कठिन अभ्यास से गुजरे हैं और अपने डिफेंसिव स्ट्रक्चर और विरोधी टीम के स्कोरिंग एरिया के अंदर फिनिशिंग पर कड़ी मेहनत की है। लड़कियों ने पिछले कुछ महीनों में बहुत सुधार और मैच्योरिटी दिखाई है। खांडकर ने कहा, “हम सब तैयार हैं और चिली जाने के लिए बहुत उत्साहित हैं। लड़कियां वर्ल्ड कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से मोटिवेटेड हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Nov 10 , 2025, 01:52 PM