लखनऊ। बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में बने गंभीर चक्रवाती तूफान (cyclonic storm) "मोंथा" (Montha) के आंध्रप्रदेश तट से टकराने का असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। मंगलवार को प्रदेश में आगरा व इटावा को अक्टूबर माह का सबसे ठंडे दिन के रूप में दर्ज किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने 29 से 31अक्टूबर के दौरान दक्षिणी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है जबकि 30 व 31 अक्टूबर को पूर्वांचल के कुछ जिलों में भारी वर्षा के साथ मिर्जापुर एवं वाराणसी मंडल के कुछ जिलों में बहुत भारी वर्षा होने की भी संभावना व्यक्त की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह ने कहा कि इस दौरान अरब सागर पर बने अवदाब से मध्य गुजरात होते हुए उत्तर-पूर्वी राजस्थान तक फैले चक्रवाती परिसंचरण से उत्पन्न द्रोणी के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार निचले एवं मध्य क्षोभमंडल में आ रही नमी और ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय जेटस्ट्रीम की अनुकूल परिस्थितियों के कारण पिछले दो दिनों से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। आगरा और इटावा में अक्टूबर माह का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे में बादलों में कमी आने से अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है, लेकिन 30 अक्टूबर से पुनः चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के अवशेषों के प्रभाव के चलते तापमान में एक बार फिर गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में जबरदस्त उतार-चढ़ाव रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Oct 28 , 2025, 08:52 PM