भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने शुक्रवार को कहा कि आदिवासी बहुल जिलों में विकास कार्यों की प्रगति और नक्सलियों के खिलाफ अभियान में सफलता के साथ नक्सलवाद को जल्दी ही पूरी तरह से समाप्त कर दिया जायेगा। मोदी ने ओडिशा में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भुवनेश्वर में आयोजित समारोह में नक्सलवादी हिंसा (Naxal violence) के सफाये के संकल्प को “ मोदी की गारंटी ” बताया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “ बीते वर्षों में हमने आदिवासी समाज को हिंसा के माहौल से बाहर निकालकर, विकास के नये पथ पर ले जाने का काम किया है। भाजपा सरकार ने एक तरफ हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया, दूसरी तरफ आदिवासी क्षेत्रों में विकास की नयी गंगा बहायी। इसी का नतीजा है कि आज नक्सली हिंसा का दायरा देश में 20 से भी कम जिलों तक सिमट गया है।”
उन्होंने कहा, “ जिस तेज़ी से कार्रवाई हो रही है, उससे बहुत जल्द ही आदिवासी समाज को हिंसा से मुक्ति मिलेगी। देश में नक्सलवाद खत्म होगा, और ये मोदी की गारंटी है।” उन्होंने 2014 से पहले तक देश में सवा सौ से अधिक आदिवासी बाहुल्य जिले नक्सली हिंसा की चपेट में थे। इन जिलों को ‘रेड कॉरिडोर’ बता कर आदिवासी क्षेत्रों को बदनाम किया गया, इनमें अधिकतर जिलों को पिछड़ा घोषित करके, कर्तव्य से पल्ला झाड़ लिया गया था।
प्रधानमंत्री ने मंच पर राज्यपाल हरि बाबू, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी (Mohan Charan Majhi), केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव , धर्मेंद्र प्रधान और अश्विनी वैष्णव तथा ओडिशा के उप-मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव (Kanak Vardhan Singh Dev) , प्रवाती परीदा तथा राज्य सरकार के अन्य मंत्री, सांसद और विधायकों की उपस्थिति में कहा कि लंबे समय तक जिस पार्टी ने देश पर शासन किया, उसने आदिवासियों को अपनी राजनीति के लिए इस्तेमाल किया। इन लोगों ने आदिवासी समाज को न विकास दिया, न भागीदारी दी। इन लोगों ने देश के बड़े हिस्से को नक्सलवाद, हिंसा, अत्याचार की आग में धकेल दिया।
उन्होंने माझी सरकार को उसके एक वर्ष के कार्यकाल के लिए बधाई दी और कहा कि “आप सभी ने प्रशंसनीय काम करके ओडिशा के विकास को नयी गति दी है।”
उन्होंने कहा, “ यह सुखद संयोग है कि जब ओडिशा की भाजपा सरकार अपने एक साल पूरे कर रही है, तब आप सभी भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा की तैयारियों में जुटे हैं। ...यहां सरकार बनते ही श्रीमंदिर के चारों द्वार खोल दिये थे, श्रीमंदिर का रत्न भंडार भी खुल गया है। और ये कोई राजनीतिक जय-विजय का विषय नहीं है। ये करोड़ों भक्तों की आस्था का सम्मान करने का कार्य हुआ है।”
प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर से वाशिंगटन की यात्रा के आग्रहपूर्ण निमंत्रण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “ मैंने अमेरिका के राष्ट्रपति को कहा कि आपके निमंत्रण के लिए धन्यवाद, मुझे तो महाप्रभु की धरती पर जाना बहुत जरूरी है। और इसलिए मैंने उनके निमंत्रण को नम्रतापूर्वक मना किया और आपका प्यार, महाप्रभु की भक्ति मुझे इस धरती पर खींच करके ले आई है।”
मोदी ने इस अवसर पर पूर्व में विपक्ष की सरकारों के कामकाज के तरीकों की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद दशकों तक देश ने कांग्रेस का मॉडल देखा, जिसमें न सुशासन था और न ही लोगों के लिए जीवन की सहूलियत। विकास परियोजनाओं को अटकाना-लटकाना-भटकाना, घनघोर करप्शन, यही कांग्रेस के विकास मॉडल की पहचान थी। उन्होंने केंद्र और विभिन्न राज्यों में भाजपा और भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकारों के काम का उल्लेख करते हुए कहा, “ अब देश पिछले कुछ वर्षों से व्यापक तौर पर बीजेपी का, विकास का मॉडल देख रहा है। ...हिंसा और भ्रष्टाचार से हर कोई परेशान था। और जब से भाजपा को सेवा करने का अवसर मिला, आज त्रिपुरा शांति और प्रगति की मिसाल बन रहा है। ”
उन्होंने कहा कि ओडिशा में डबल इंजन की सरकार बनने से लोगों को फायदा हो रहा है। लंबे समय तक ओडिशा के लाखों गरीब परिवार, आयुष्मान योजना से बाहर थे। आज आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना और गोपबंधु जन आरोग्य योजना से राज्य में करीब 3 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज का लाभ मिलना तय हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहली बार जनजातीय विकास के लिए दो बहुत बड़ी राष्ट्रीय योजनायें देश में बनी हैं। इन दो योजनाओं पर एक लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा खर्च किये जा रहे हैं। बिरसा मुंडा जी के नाम पर धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से देशभर में 60 हज़ार से अधिक आदिवासी गांवों में विकास के काम किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यहां ओडिशा में भी, कहीं आदिवासियों के लिए घर बन रहे हैं, रोड बन रहे हैं, बिजली-पानी की सुविधायें बन रही हैं। यहां ओडिशा के 11 जिलों में 40 आवासीय विद्यालय भी बन रहे हैं। केंद्र सरकार इस पर भी सैकड़ों करोड़ रुपए खर्च कर रही है। उन्होंने कहा, “ दूसरी योजना- “ पीएम जनमन की प्रेरणा ओडिशा की धरती से आई है। देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति, ओडिशा की बेटी, आदरणीय द्रौपदी मुर्मु जी ने इस योजना के लिए हमें मार्गदर्शन दिया है। इस योजना के तहत आदिवासियों में भी अति पिछड़ी आदिवासी जातियों की मदद करने का काम हो रहा है। इनकी अनेक छोटी-छोटी आदिवासी बस्तियों में सैकड़ों करोड़ रुपए के काम हो रहे हैं।” उन्होंने कहा कि पीएम मत्स्य संपदा योजना का भी बहुत बड़ा लाभ ओडिशा में समंदर के तट पर रहने वाले साथियों को होगा, हमारे नौजवानों को होगा।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jun 20 , 2025, 09:32 PM