यूपी में भाजपा की नीतियों के कारण बदहाली : चिदंबरम

Sun, Feb 27 , 2022, 05:51 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

लखनऊ, 27 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री पी.चिदंबरम (P Chidambaram) ने रविवार को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। चिदंबरम (Chidambaram) ने कहा कि संसाधनों की दृष्टि से बेहद संपन्न उत्तर प्रदेश में भाजपा (BJP) की नीतियों के कारण बदहाली है। उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सर्वाधिक है। इसलिए प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए जनता कांग्रेस को वोट दे। चिदंबरम ( Chidambaram) ने रविवार को माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि योगी शासन का मॉडल तानाशाही, धार्मिक विद्वेष, जातिवाद, महिलाओं के प्रति हिंसा और पुलिसिया उत्पीड़न का सम्मिश्रण है। प्रदेश के लोगों को सोचना चाहिए कि वे कैसी सरकार के लिए वोट दे रहे हैं। प्रदेश को बदहाली से सिर्फ़ कांग्रेस निकाल सकती है। उत्तर प्रदेश के भविष्य की बेहतरी के लिए पूरी ताक़त से जुटीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ अभियान ने पूरे भारत की महिलाओं को एक नई ऊर्जा दी है। प्रदेश के लोगों से निवेदन है कि वे कांग्रेस को वोट देकर एक नये युग की शुरुआत करें। चिदंबरम ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत में सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और यहां के लोग भारत के सबसे मेहनती भी हैं, लेकिन यह ग़रीबी के दलदल में धंसा हुआ है। युवाओं के भविष्य के प्रति चिंता जताते हुए चिदंबरम ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सबसे ज्यादा है। अप्रैल 2018 से 15 से 29 आयु वर्ग के युवाओं में बेरोजगारी दर दो अंकों में रही है जो राष्ट्रीय दर से ऊपर है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों की स्थिति दयनीय है। उत्तर प्रदेश को शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए 2 लाख 77 हजार शिक्षकों की जरूरत है। यहां का छात्र-शिक्षक अनुपात सभी राज्यों में सबसे खराब है। आठ में से एक छात्र कक्षा 8 तक स्कूल छोड़ देता है। कॉलेज या विश्वविद्यालय स्तर पर सकल नामांकन अनुपात 26.3 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस समय कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है। इस मौक़े पर ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान के 125 दिन पूरे होने के अवसर पर अभियान गीत का रीमिक्स जारी किया गया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups