हैदराबाद। केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेशाध्यक्ष जी. किशन रेड्डी (G. Kishan Reddy) ने चिलकुर बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी सी. एस. रंगराजन पर किये गये हमले की कड़ी निंदा की है।
रेड्डी ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा, “मैं चिलकुर बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी रंगराजन पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। उन्होंने सनातन धर्म की रक्षा में समर्पण भाव के साथ सेवा करने के लिए उच्च पदों को त्याग दिया और भक्तों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करके धार्मिक मूल्यों को कायम रखा है। ऐसे सम्मानित धार्मिक व्यक्ति पर इस तरह का अमानवीय हमला निंदनीय, दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि हिंसा, धमकी और शारीरिक हमलों के कृत्यों का लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा, “इसे केवल एक व्यक्ति पर हमले के रूप में नहीं बल्कि सनातन धर्म पर हमले के रूप में देखा जाना चाहिए।” रेड्डी ने युवाओं और छात्रों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देने में श्री रंगराजन की निस्वार्थ सेवा के साथ-साथ मंदिरों, भारतीय संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करने के उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने समाज से ऐसी घटनाओं की कड़ी निंदा करने का आग्रह किया।
उन्होंने अधिकारियों से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और यह सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृति न हों। उन्होंने आश्वासन दिया, “भारतीय जनता पार्टी हर संभव तरीके से रंगराजन के साथ खड़ी रहेगी।”गौरतलब है कि चिलकुर बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी रंगराजन पर शुक्रवार को रंगारेड्डी जिले के मोइनाबाद मंडल में कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया था।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Feb 10 , 2025, 06:19 PM