बुधनी: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के पहले आज इस क्षेत्र का मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav), पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) और अन्य भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेताओं ने दौरा किया।
डॉ यादव, चौहान और अन्य नेताओं ने सबसे पहले क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध सलकनपुर मंदिर पहुंचकर देवी मां की विधिविधान से पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री और अन्य नेता बुधनी विधानसभा क्षेत्र के भेरूंदा में पहुंचे और “ग्राम विकास सम्मेलन” में शामिल होने के साथ ही रोड शो किया।
बुधनी विधानसभा क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का परंपरागत विधानसभा क्षेत्र रहा है। श्री चौहान ने मुख्यमंत्री रहने के दौरान इसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन बाद में वे विदिशा संसदीय क्षेत्र से सांसद चुनकर केंद्रीय मंत्री बने और उन्होंने बुधनी के विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया। इस वजह से यहां पर शीघ्र ही उपचुनाव होने वाला है, हालाकि इसकी अधिकृत घोषणा अब तक नहीं हुयी है। केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बुधनी विधानसभा सीट पर पार्टी का कब्जा बरकरार रखने के प्रयास में है और इसके लिए उसने तैयारियां भी प्रारंभ कर दी हैं। हालाकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं ने भी इस उपचुनाव के मद्देनजर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भेरुंदा में आयोजित ग्राम विकास सम्मेलन में अनेक योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र का भाजपा की सरकार ने पहले भी काफी विकास किया और यह क्रम भविष्य में भी बना रहेगा। पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने भी इस आयोजन के सिलसिले में सोशल मीडिया एक्स पर अनेक फोटो पोस्ट करते हुए इस क्षेत्र की जनता के प्रति स्नेह देने के लिए आभार व्यक्त किया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Oct 08 , 2024, 06:21 PM