Haryana assembly elections: हरियाणा विस चुनाव में मतदाता 1031 उम्मीदवारों के किस्मत का करेंगे फैसला!

Fri, Oct 04 , 2024, 10:10 PM

Source : Uni India

चंडीगढ़। हरियाणा में शनिवार को एकल चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव (assembly elections) में दो करोड़ से अधिक मतदाता 1031 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल (Officer Pankaj Aggarwal) ने शुक्रवार को बताया कि 2.04 करोड़ मतदाताओं में से 1.07 करोड़ पुरुष, 95.78 लाख महिलायें और 467 उभयलिंगी मतदाता पंजीकृत हैं। पहली बार मतदान करने वाले 18 से 19 वर्ष की आयु के 5.25 लाख युवा मतदाता और 1.49 लाख दिव्यांग मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें से 93,545 पुरुष, 55,591 महिलाये और छह उभयलिंगी हैं।

उन्होंने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के 2.31 लाख मतदाता हैं, जिनमें 89,940 पुरुष और 1.41 लाख महिलायें हैं। इसके अलावा 100 वर्ष से अधिक आयु के 8,821 मतदाता हैं, जिनमें 3,283 पुरुष और 5,538 महिलायें शामिल हैं। नौकरी करने वाले मतदाताओं की कुल संख्या 1.09 लाख है, जिसमें 1.04 लाख पुरुष और 4,791 गैर-सैन्य मतदाता हैं।

अग्रवाल ने बताया कि राज्य विधानसभा चुनाव में कुल 1,031 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं, जिनमें 930 पुरुष और 101 महिलायें शामिल हैं। इन उम्मीदवारों में 464 निर्दलीय उम्मीदवार भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) शत्रुजीत कपूर ने लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं से निडर होकर मतदान करने की अपील की और मतदाताओं से मताधिकार का इस्तेमाल करने को कहा है।

डीजीपी ने कहा कि लोगों को निडर होकर मतदान करना चाहिये और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिये। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिये पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिये 29,462 पुलिस कर्मी, 21,196 होमगार्ड कर्मी और 10,403 एसपीओ तथा अर्धसैनिक बलों की 225 कंपनियां तैनात की गयी हैं। इसके अलावा कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये राज्य में 201 अंतरराज्यीय जांच चौकी के अलावा 191 अतिरिक्त अंतरराज्यीय जांच चौकी स्थापित की गयी हैं।

उन्हाेंने बताया कि हर स्तर पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिये गये हैं कि किसी भी परिस्थितियों से कैसे निपटा जाना है। राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन किया जायेगा। राज्य भर में 10,495 स्थानों पर कुल 20,629 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा 3,616 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 145 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जायेगा। इसके अलावा 516 उड़न दस्ते, 469 स्थिर निगरानी दल और 32 त्वरित प्रतिक्रिया दल बनाये गये हैं। कानून व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिये दिन-रात गश्त के लिये 1,156 गश्ती दलों को तैनात किया गया है।

इस बार के चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बीच होने की संभावना है, हालांकि जननायक जनता पार्टी-आजाद समाज पार्टी गठबंधन, इंडियन नेशनल लोकदल-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन, आम आदमी पार्टी भी मैदान में हैं। इसके अलावा भाजपा और कांग्रेस के बागी उम्मीदवारों सहित कई निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं, जिससे किसी किसी सीट पर मुकाबला बहुकोणीय हो सकता है। भाजपा जहां ‘नॉन-स्टॉप हरियाणा’ जैसे अभियान और ‘भरोसा दिल से, भाजपा फिर से’ जैसे नारे के साथ तीसरी बार सत्ता में आसीन होने की बात कही रही है, वहीं कांग्रेस ‘भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है’ और ‘हाथ बदलेगा हालात’ जैसे नारे के साथ 10 साल बाद सत्ता में वापसी करना चाहती है। जिन सीटों पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं, उनमें कुरुक्षेत्र की लाडवा सीट शामिल है, जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनाव लड़ रहे हैं, गढ़ी सांपला किलोई सीट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मैदान में हैं, जींद की उचाना कलां सीट से पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला चुनाव लड़ रहे हैं और जींद की जुलाना सीट से कांग्रेस ने पहलवान विनेश फोगाट को मैदान में उतारा है। 

इसके अलावा सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल हिसार से उतरी है, जो भाजपा से टिकट नहीं पर निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं। सिरसा जिले के डबवाली जहां चौटाला परिवार के तीन सदस्य अमित सिहाग (Congress), आदित्य चौटाला (INLD) और दिग्विजय चौटाला (JJP) आमने-सामने हैं, भिवानी के तोशाम में भाजपा की श्रुति चौधरी अपने चचेरे भाई अनिरुद्ध चौधरी के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं और अंबाला कैंट में पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को कांग्रेस की बागी चित्रा सरवारा से कड़ी चुनौती मिलने वाली है। ताज्जुब की बात यह है कि चित्रा के पिता पूर्व मंत्री निर्मल सिंह अंबाला सिटी सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।

आगामी आठ अक्टूबर को होने वाली मतगणना में हरियाण सहित जम्मू-कश्मीर के चुनाव परिणाम आयेंगे और 10 अक्टूबर को पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न हो जायेगी।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups