० मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना का आयोजन
० हर तरफ नजर आए भगवा झंडा
महानगर संवाददाता
मुंबई। अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन पूरी मुंबई राममय हो गई। जगह-जगह महिलाओं की शोभा यात्रा निकाली गई और मंदिरों की साफ-सफाई कर विशेष पूजा आयोजित की गई। महानगर में हर तरफ सिर्फ भगवा रंग के झंडे ही नजर आ रहे थे। सोसाइटियों से लेकर सड़कों और जहां तक कि ऑटो रिक्शा में भगवे झंडे लहरा (wave saffron flag) रहे थे। तकरीबन ५०० साल बाद अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से सभी लोग हर्ष से भरे हुए नजर आ रहे थे। सभी मंदिरों में विशेष पूजा का आयोजन किया गया, जहां अच्छी खासी तादाद में भक्त जन उपस्थित रहे। राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने इस दौरान मंदिरों में विशेष पूजा की।
राज्यपाल ने की मूर्ति की स्थापना

राज्यपाल रमेश बैस ने सोमवार को राजभवन में स्थित गुंडी देवी मंदिर परिसर में श्री राम पंचायतन मूर्ति की स्थापना की। साथ ही प्रभु राम की आरती कर कीर्तन में भाग लिया। दो साल पहले इस मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 जून 2022 को श्री गुंडी देवी मंदिर का दौरा किया था। सकलाई देवी और सागरमाता के नाम से मशहूर इस देवी मंदिर में श्री राम पंचायतन मूर्ति स्थापित की गई है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मनाई खुशी

अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के हाथों रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने सहयोगियों के साथ हर्ष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने ठाणे के कोपिनेश्वर मंदिर परिसर में समारोह को लाइव देखा और जय श्री राम का उद्घोष किया। इसके बाद शिवसैनिकों के साथ ढोल बजाकर अपनी खुशी मनाई।
नए अस्मिता पर्व की शुरुआत फडणवीस

राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर के रामनगर परिसर में स्थित राम मंदिर परिसर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लाइव देखा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सभी भारतीयों के लिए खुशी और गर्व का क्षण है और भारत में नए अस्मिता पर्व की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने सभी राम भक्तों से अयोध्या जाने की अपील की। उपमुख्यमंत्री ने 22 जनवरी को भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन बताते हुए कहा कि राम जन्मभूमि के लिए कई आंदोलन हुए। आजादी के बाद इसका संकल्प लिया गया। राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ-साथ आध्यात्मिक स्वतंत्रता के आंदोलन के कारण अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा हुआ।
राकांपा ने मनाया आनंद उत्सव
मुंबई राकांपा (अजित पवार) की तरफ से प्रभु श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में लड्डू का वितरण कर आनंद उत्सव मनाया गया। प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने प्रभु श्रीराम की तस्वीर पर पुष्पहार अर्पित किया। तटकरे ने सभी महाराष्ट्र वासियों को इस शुभ अवसर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम अभी तक प्रभु श्रीराम के आगे नतमस्तक हो रहे हैं और देश में रामराज्य की संकल्पना गति पकड़ेगी, इसी भावना से हम सब एकत्र हुए हैं।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में बंटी मिठाई
प्रदेश भाजपा कार्यालय में इस मौके पर आनंद उत्सव मनाया गया। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के सीधे प्रसारण के लिए एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद पटाखे फोड़े गए और मिठाई का वितरण किया गया। आनंदोत्सव में भाजपा प्रदेश समन्वयक विश्वास पाठक, वरिष्ठ नेता कृपाशंकर सिंह, राज पुरोहित, प्रवक्ता ओम प्रकाश चौहान, कार्यालय सचिव मुकुंद कुलकर्णी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस दौरान लोक गायक सुरेश शुक्ल ने भजन पेश किए।
मुंबई भाजपा के विविध आयोजन
मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेलार के नेतृत्व में शहर, उपनगर में हुए विविध भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कांदिवली के महावीर नगर में सांसद गोपाल शेट्टी की मौजूदगी में शोभायात्रा का आयोजन किया गया। सांसद मनोज कोटक ने मुलुंड पश्चिम स्थित देवीदयाल गार्डन में उपस्थित दर्ज की। सांसद पूनम महाजन ने विलेपार्ले में शोभा यात्रा में हिस्सा लिया। राम कदम ने गौ माता के दर्शन लेकर होम हवन में भाग लिया। पराग अलवणी ने विलेपार्ले संस्कृति केंद्र में भक्ति कार्यक्रम में भाग लिया। जुहू बीच पर आयोजित प्रार्थना कार्यक्रम में अमित साटम उपस्थित थे। वर्सोवा विधानसभा में भारती लवेकर ने होम हवन , महाआरती, महा भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया। कांदिवली पूर्व में अतुल भातखलकर की उपस्थिति में शोभायात्रा, मोटरसाइकिल रैली, महाआरती जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। दहिसर विधानसभा में मनीषा ताई चौधरी की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बोरीवली विधान सभा में सुनील राणे ने क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में जाकर दर्शन किए।
प्रवीण दरेकर ने मनाया आनंदोत्सव
मागाठाणे क्षेत्र में भाजपा विधान परिषद गटनेता प्रवीण दरेकर ने लड्डू का वितरण कर आनंद उत्सव मनाया। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद आतिशबाजी की गई। अशोक वन स्थित साईबाबा मंदिर में समारोह के सीधे प्रसारण के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। इस क्षण के गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित हुए। छोटे बच्चे राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की वेशभूषा धरकर कार्यक्रम में शामिल हुए।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 22 , 2024, 07:24 AM