असम. कांग्रेस ने कहा है कि पार्टी नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की मणिपुर से शुरु हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra) अब असम में है और यात्रा में उमड़ी भीड़ से माहौल जिस तरह से बदला है उससे मुख्यमंत्री हिमंत विस्वा सरमा (Chief Minister Himanta Vishwa Sarma) डरे हुए हैं।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश (Jairam Ramesh) तथा लोकसभा में पार्टी के सचेतक गौरव गोगोई (Gaurav Gogoi) ने पार्टी नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री गांधी की यात्रा के असम पहुंचने से मुख्यमंत्री डर गये है। उन्होंने श्री सरमा को सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री करार दिया और कहा कि श्री गांधी की यात्रा को असम में मिल रहे जबरदस्त समर्थन से बहुत डर गये हैं।
श्री रमेश ने कहा, “न्याय यात्रा के असम में पहुंचते ही यहां के लोगों ने श्री गांधी का जोरदार स्वागत किया है। बड़ी संख्या में लोग न्याय यात्रा में श्री गांधी का स्वागत कर रहे हैं। भारी भीड़ को देखते हुए श्री सरमा डर गये हैं जबकि न्याय यात्रा असम में सात दिन तक चलेगी। पहले ही दिन इस तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है तो शेष छह दिन में हालात किस कद्र बदलेंगे इस बारे में भी शर्मा को सोच लेना चाहिए।
उन्होंने कहा, “असम के लोगों द्वारा राहुल गांधी जी का भव्य स्वागत देखकर, असम के मुख्यमंत्री बौखलाए हुए हैं। मैं असम के मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं- आप डरो मत। 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' असम में सात दिनों तक चलेगी, इस यात्रा को कोई भी शक्ति नहीं रोक सकती है। कल 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' अरुणाचल प्रदेश में होगी। इसके बाद 21 जनवरी को कलियाबोर (नागांव) में एक भव्य रैली होगी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे भी उपस्थित रहेंगे।”
श्री गोगोई ने कहा, “असम के मुख्यमंत्री सिर्फ खुद को अमीर बनाने और परिवार के सदस्यों के नाम पर संपत्ति बटोरने में लगे हुए हैं। दिल्ली में ऐसा कौन है जिसे ऐसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री पसंद हैं। आखिर क्यों भाजपा के भ्रष्ट मुख्यमंत्रियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है।”
उन्होंने कहा कि आज माजुली में श्री श्री औनियाती सत्रा भी गये और वहां जाकर उन्होंने आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने वहां बताया कि वे 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' पर हैं जिसका उद्देश्य शांति, अमन और न्याय है।
इस बीच पार्टी ने श्री गांधी का एक ट्वीट भी पोस्ट किया है जिसमें उन्हाेंने कहा “आज देश में आदिवासियों के खिलाफ अन्याय हो रहा है, आपकी जमीन छीनी जा रही है, आपका इतिहास मिटाया जा रहा है। आरएसएस भाजपा की विचारधारा आपसे जल-जंगल-जमीन छीनने की कोशिश कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा “मणिपुर में महीनों से सिविल वॉर जैसा माहौल बना हुआ है। लोग एक दूसरे को मार रहे हैं, लेकिन आज तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर नहीं गए। नगालैंड में श्री मोदी ने नौ साल पहले जो वादा किया था, उसे पूरा नहीं किया। वहींं असम में भी हिन्दुस्तान के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं।”



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 19 , 2024, 04:10 AM