लखनऊ 10 जनवरी (वार्ता)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) (BJP) पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बुधवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में निर्णायक रहने वाली उत्तर प्रदेश की 80 सीटों को हासिल करने के लिये एकजुटता का परिचय देना होगा।
डॉ राममनोहर लोहिया सभागार में सोशल मीडिया की बैठक को सम्बोधित करते हुए उन्होने कहा कि भाजपा नकारात्मक राजनीति करने की आदी है। संविधान और लोकतंत्र पर खतरा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सर्वाधिक 80 सीटें उत्तर प्रदेश में है इसलिए उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी भी बड़ी है। पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा के जाल में नहीं फंसना है। सभी 80 सीटों पर भाजपा को हराने के लिए एकजुट होना होगा।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा का विकसित भारत का दावा झूठा है। भाजपा की 10 साल की सरकार में किसान की आमदनी दोगुनी नहीं हुई। बेरोजगारी भाजपा के लिए मुद्दा नहीं है। महंगाई से सभी त्रस्त हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है। बच्चियों तक की सुरक्षा नहीं है। नौजवानों के लिए रोटी-रोजगार की व्यवस्था नहीं है। हर तरफ लूट मची हुई है। थाना-तहसील से लेकर ऊपर तक बिना लेनदेन के कोई काम नहीं हो रहा है। हर तरफ अराजकता है।
श्री यादव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं जनसामान्य को उपलब्ध नहीं है। अस्पतालों में इलाज और दवा की व्यवस्था बेपटरी पर हैं। मरीजों को इधर से उधर रेफर करने के खेल में लोगों की जानें जा रही है। 108 और 102 डायल एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की यूपी डायल 100 पुलिस सेवा को भी भाजपा ने 112 बनाकर बर्बाद कर दिया। ठंड की ठिठुरती रातों में भी गरीबों के लिए न अलाव न रैन बसेरा की व्यवस्था है। अधिकारी जश्न की तैयारियों में लगे हैं।
उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी पर करोड़ों लोगों का भरोसा है। समाजवादी पीडीए- पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सभी भाजपा सरकार के अन्याय, अत्याचार और उत्पीड़न के षिकार हैं। समाजवादी पार्टी इनके हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पीडीए और इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा को सभी 80 सीटों पर पराजित करेगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 10 , 2024, 07:57 AM