0 कोराडी में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक
महानगर संवाददाता
मुंबई। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने हालिया संपन्न विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत की ओर इशारा करते हुए शनिवार को कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की “सात” गारंटी खारिज कर दी और यह दिखाया कि एक गारंटी ही काफी है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) हैं। फडणवीस ने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ ‘महायुति’ में शामिल भाजपा, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) अगले साल मिलकर चुनाव लड़ेंगी। वे नागपुर के पास कोराडी में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
फडणवीस ने कहा कि देश की आम जनता ने निर्णय ले लिया है कि देश की कमान मोदी जी के हाथों में होना चाहिए। लोगों को भरोसा है कि इस देश को कोई विकसित कर सकता है तो मोदीजी ही कर सकते हैं। अभी हाल ही में संपन्न 5 राज्यों के चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घूम-घूमकर लोगों को 7 गारंटी दी थी, लेकिन लोगों ने उन्हें नकार दिया। लोगों ने कहा कि एक ही गारंटी काफी है, वह मोदी जी हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ चुनावों में भाजपा के प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है, क्योंकि कई लोग इसे अगले साल के लोकसभा चुनावों की तैयारी के रूप में देख रहे हैं, लेकिन हर चुनाव को गंभीरता से लेना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा भाग्यशाली है कि उसके पास ऐसे नेता हैं जिन्हें आम आदमी प्रिय और अपने परिवार का हिस्सा मानता है। फडणवीस ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में पार्टी का नेतृत्व भाजपा की सबसे बड़ी संपत्ति है। फडणवीस (Fadnavis) ने कहा कि ‘महायुति’ अगले साल विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन तैयार हुआ है, लेकिन उसके पास कोई एजेंडा नहीं है। वे देश का, समाज का विकास करने के लिए साथ नहीं आए हैं, वे मोदीजी को हटाने और अपना परिवार बचाने के लिए साथ आए हैं। उनके लिए परिवार देश है, जबकि मोदी जी के लिए देश एक परिवार है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने महाविजय 2024 अभियान शुरू किया है। सभी कार्यकर्ताओं को अगले 9 से 10 महीने पार्टी के लिए देना होगा। सरकार में शामिल तीनों दल भाजपा, शिवसेना और राकांपा मिलकर चुनाव में उतरेंगी। अपने को कितनी जगह मिलेगी, इसकी चिंता मत कीजिए, लेकिन आपने मन में जितनी जगह सोच रखी है, उतनी जगह जरूर मिलेगी। सभी कार्यकर्ताओं को पूरी 48 सीट जीतने के लिए पूरी क्षमता से लग जाना चाहिए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को वन और सांस्कृतिक मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार (Ashish Shelar) ने भी संबोधित किया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Dec 16 , 2023, 08:44 AM