मैनपुरी 31 जनवरी (वार्ता) अपना पहला विधानसभा लड़ने मैनपुरी की करहल सीट से उतरे समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके किले में चुनौती देने के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने ताकतवर सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को चुनावी रणक्षेत्र में उतारा है। बघेल एक जमाने में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निजी सुरक्षा अधिकारी का दायित्व निभा चुके हैं।
अखिलेश ने सोमवार को करहल सीट के लिये पर्चा भरा जिसके कुछ देर बाद भाजपा उम्मीदवार के तौर पर सत्यपाल सिंह बघेल ने भी मैनपुरी कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपना नामांकन दाखिल किया। पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री की दिलचस्प जंग से करहल यूपी विधानसभा चुनाव की वीआईपी सीट बन चुकी है।
इस चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं और दोनों को उनके ही गढ़ में घेरने की कोशिश एक-दूसरे के दल कर रहे हैं। इन कोशिशों के तहत सपा जहां गोरखपुर से कोई दमदार प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है तो वहीं भाजपा ने कभी मुलायम सिंह यादव के सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) रहे आगरा से सांसद और केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को करहल से मैदान में उतार दिया है।
माना जाता है कि एसपी सिंह बघेल का ब्रज क्षेत्र में अच्छा-खासा प्रभाव है। इलाके में बघेल समाज के करीब 35 से 40 हजार वोट बताए जाते हैं। भाजपा से उनके ताल ठोंकने के चलते करहल में अखिलेश को कुछ चुनौती मिल सकती है। हालांकि करहल का जातीय गणित और इतिहास समाजवादी पार्टी के पक्ष में रहा है। क्षेत्र में एक लाख से अधिक यादव वोट बताए जाते हैं। इसे अखिलेश यादव के लिए काफी सुरक्षित सीट माना जा रहा है। फिर भी एसपी सिंह बघेल के जरिए भाजपा अखिलेश की करहल में घेराबंदी करना चाहती है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 31 , 2022, 05:25 AM