पटना 29 जनवरी (वार्ता) बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में स्थानीय निकाय कोटे से विधान परिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर जारी खींचतान के बीच आज पूरी तरह से सहमति बनते ही सीटों का बंटवारा हो गया, जिसके तहत भाजपा 13 और जदयू 11 सीट पर चुनाव लड़ेगा।
भाजपा के बिहार मामलों के प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बेतिया के सांसद डॉ. संजय जायसवाल, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, जदयू के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री विजय चौधरी और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने शनिवार को यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में दोनों दलों के बीच सीटों के तालमेल की घोषणा की। चुनाव की घोषणा से पहले जदयू-भाजपा के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है।
श्री यादव ने कहा कि इससे पहले जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनकी मुलाकात हुई है, जहां सीटों के समझौते पर अंतिम मुहर लगी। इसके बाद ही सीट बंटवारे का ऐलान किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा-जदयू की सरकार चार विधानसभा चुनावों में लगातार जनता का आशीर्वाद लेकर लोगों की सेवा कर रही है। दोनों दल आपस में सम्मानपूर्वक काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में 16 सालों से विकास के काम हो रहे हैं। बिहटा ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज का जल्द ही उद्घाटन किया जाएगा और वहां नामांकन भी होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बिहार के विकास के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है।
श्री यादव ने कहा की तेरह सीट भाजपा के खाते में है। भाजपा अपने कोटे से एक वैशाली की सीट केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) को देगी। वहीं, 11 सीटों पर जदयू चुनाव लड़ेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राजग के सभी घटक दलों को विश्वास में लिया जाएगा।
जदयू के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा 13 सीटों पर लड़ना चाहती थी जबकि जदयू 11 सीटों पर। इस पर लगातार बातचीत होती रही लेकिन भाजपा ने एक सीट पर लोजपा को एडजस्ट किया है। 12 पर भाजपा, 11 पर जदयू एवं एक सीट पर केंद्रीय मंत्री पारस गुट की रालोजपा चुनाव लड़ेगी। यह आपसी समझदारी एवं मजबूत फैसला है। अब आज से कयासों पर विराम लगेगा। भाजपा और जदयू का समझौता हो चुका है।
श्री चौधरी ने भाजपा प्रभारी श्री यादव सहमति मिलने के बाद एक-एक कर सीटों की घोषणा की। भाजपा कोटे में रोहतास, औरंगाबाद, सारण, सीवान, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, कटिहार, सहरसा, गोपालगंज, बेगूसराय, समस्तीपुर और वैशाली। वैशाली सीट रालोजपा के खाते में जायेगी। जदयू कोटे में पटना, भोजपुर, गया, नालंदा, मुजफ्परपुर, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, भागलपुर, मुंगेर, नवादा और मधुबनी शामिल है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Jan 29 , 2022, 07:22 AM