पटना 19 जुलाई (वार्ता) विपक्षी एकजुटता की मुहिम में लगे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) ने विपक्ष के बेंगलुरु में हुई बैठक में उनके नाराज होने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए आज कहा कि लोग तरह-तरह की बातें कह रहे हैं लेकिन इसमें कोई खास बात नहीं है।
श्री कुमार ने राजगीर में मलमास मेला के उद्घाटन समारोह से लौटकर पटना हवाईअड्डे (airports) पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बेंगलुरु में 26 विपक्षी दलों की बैठक हुई है। एक-दो नाम का सुझाव हमने भी दिया था। सभी लोग बैठक में थे। काफी अच्छी बातचीत हुई है। राजगीर में लगने वाले मलमास मेला के कारण वह वहां से जल्दी चल दिये। सबको कह कर हम वहां से निकल गये। उन्होंने नाराजगी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों के सवाल पर कहा, "हम क्यों नाराज होंगे। भाजपा को उस मीटिंग से क्या लेना-देना है। लोग तरह-तरह की बातें कह रहे हैं। इसमें कोई खास बात नहीं है। हमको जो कुछ भी कहना था, उसे हमने बैठक में कह दिया है।"
मुख्यमंत्री ने ‘इंडिया’ नाम पर आपत्ति के सवाल पर कहा कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। बैठक में इस पर चर्चा हुई है। सभी लोगों के सुझाव पर इस नाम को फाइनल किया गया है। इसके बाद इसे घोषित किया गया। नामकरण से कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा, "अपना देश इंडिया, भारत ही है। बैठक के बाद हमलोगों ने साथ में खाना खाया। इसके बाद प्रेस के साथ मीटिंग होने वाली थी तो हमने कहा कि हमलोगों को जाने दीजिए।" श्री कुमार ने दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (National Democratic Alliance) की बैठक को लेकर कहा कि राजग की बैठक का कोई मतलब नहीं है। स्व. श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के समय 1999 में राजग बना था। इनलोगों ने कभी राजग की बैठक नहीं बुलाई थी, जबकि पहले हमेशा बैठक होती थी। अभी पांच साल तक हमलोग राजग के साथ थे तो भी कोई मीटिंग नहीं हुई। अभी चूंकि हमलोगों ने एक बैठक की तो इनलोगों को भी लगा कि एक बैठक कर लेते हैं। राजग की बैठक में जो लोग शामिल थे उनमें से कई लोगों को आप लोग जानते भी नहीं है। कौन-कौन पार्टी को वे लोग बुलाये थे। हमलोगों की मीटिंग में जो पार्टियां शामिल थी, वे सभी जानी पहचानी पार्टी हैं।
मुख्यमंत्री ने हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी का नाम लिए बगैर उनपर निशाना साधा और कहा, "जिनको हम निकाल दिये वे लोग राजग की बैठक में गये थे। उन्हें हमने कह दिया था कि हमारी पार्टी को ज्वाइन कीजिए या फिर बाहर जाइये। हम जान रहे थे कि अगर वे 23 तारीख को पटना में हुई बैठक में रहते तो सभी खबर वहां के लोगों को दे देते इसलिए हमने कह दिया था कि या तो अपनी पार्टी को मर्ज कीजिए या फिर यहां से जाइये। हमने दो दिनों का उन्हें समय दिया था तो वे चले गये। हमने उन्हें मुख्यमंत्री बना दिया था।"
श्री कुमार ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर मीडिया पर कब्जा करने का आरोप लगाया और कहा कि सभी मीडिया पर उनलोगों (भाजपा) ने कब्जा कर लिया है। हमलोगों की कम बातें ही मीडिया में चलती है बाकी सभी बातें उनलोगों की ही चलती रहती है। वर्ष 2024 या फिर उससे पहले जब भी लोकसभा का चुनाव होगा तो हमलोग इसमें लगे हुए हैं कि वे लोग सत्ता से हट जायें। उसके बाद आपलोग भी स्वतंत्र हो जाइयेगा। उसके बाद मीडिया के लोग देश की सही बात की चर्चा करेंगे। इससे देश को फायदा होगा। पहले मीडिया का रोल काफी अच्छा रहता था। जब हम सांसद थे तो उस समय भी हमलोग मीडिया के लोगों के साथ बैठते थे। सभी लोग काफी खुश होते थे। जब हम विधायक, सांसद और मंत्री थे तो उस समय के मीडिया की रिपोर्ट को देख लीजिए। यहां भी जब हमें शुरू में सेवा का मौका मिला था तो उस समय का रिपोर्ट आपलोग देख लीजिए। अब कुछ ऐसा रहा नहीं। ये लोग पहले से ही कोशिश कर रहे थे लेकिन तीन-चार सालों से इनका मीडिया पर पूरा कब्जा हो गया है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 में राजग को मिलने वाली चुनौती के सवाल पर कहा कि लोकसभा चुनाव में राजग को पूरी चुनौती मिलेगी। इसकी भी संभावना है कि सही समय आने पर कुछ और लोग भी विपक्षी गठबंधन में शामिल होंगे। अभी वह उनलोगों का नाम नहीं लेंगे नहीं तो उन पर न जाने क्या-क्या कार्रवाई हो जायेगी। हमलोग मिलकर देश के हित में काम कर रहे हैं। देश का इतिहास ही ये लोग बदल देंगे। आजादी की लड़ाई से इन लोगों का कोई मतलब नहीं था। ये लोग सब कुछ खत्म कर देंगे। ये लोग एक बार भी बापू का नाम नहीं लेते हैं। ये लोग स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी का भी नाम नहीं लेते हैं। उनकी कोई निजी इच्छा नहीं है। उनकी कोशिश है कि देश के हित में सभी लोग एकजुट हो जायें।
श्री कुमार ने भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी के सवाल पर कहा कि श्री मोदी को जब उनलोगों ने उप मुख्यमंत्री नहीं बनाया तो उन्हें दुख हुआ। वे कोशिश कर रहें हैं ताकि आगे उन्हें मौका मिले। वह उनके खिलाफ कभी नहीं बोलते हैं। वे अनाप-शनाप बोलेंगे ताकि पार्टी में उन्हें कोई जगह मिल जाय। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिहार में उन्हें क्यों नहीं मौका दिया। वे रहते तो ऐसी नौबत नहीं आती।
मुख्यमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री कहते हैं कि आपलोग राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को गाली देते थे लेकिन आज साथ में बैठक कर रहे हैं’, के सवाल पर कहा, "ऐसी बात ये लोग क्यों बोल रहे हैं। वे लोग भूल गये कि हमलोग वर्ष 2015 में एक साथ लड़कर सरकार बनाये थे। इसके बाद उनलोगों पर केस कर, हमारे पीछे पड़कर, अपने साथ लाये थे, फिर हम वापस आ गये हैं। जो लोग बोलते हैं उनको बोलने दीजिए। जिसको हम अपनी जगह पर मुख्यमंत्री बनाये, उसकी हालत क्या हुई। एक आईएएस अधिकारी को हमने कहां से कहां, क्या बना दिया। आज वे अपने को क्या कहते हैं। ऐसे लोगों का क्या कीजियेगा। अनेक लोग इधर-उधर हैं। ये हमारा दुर्भाग्य है। अब हम सभी लोगों की राय से ही काम करते हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jul 19 , 2023, 10:01 AM