GT vs MI: ऑक्शन में मिले सिर्फ 50 लाख, अब अकेले मुंबई इंडियंस पर पड़ा भारी, 12 गेंद में पलट दिया मैच

Sat, May 27 , 2023, 10:54 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

Mohit Sharma 5 Wickets: गुजरात टाइटंस ने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर आईपीएल 2023 (IPL 2023) के भी फाइनल में जगह पक्की कर ली है. क्वालिफायर-2 में गुजरात ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को 62 रन से मात दी. पहले शुभमन गिल (Shubman Gill) ने शतक ठोका. फिर तेज गेंदबाज ने 5 विकेट लेकर रोहित शर्मा की टीम मुंबई को समेट दिया. गेंदबाज को ऑक्शन में गुजरात ने सिर्फ 50 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन उसने अब तक ताबड़तोड़ प्रदर्शन किया है.   
गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) का इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League.) के लगातार दूसरे सीजन में शानदार प्रदर्शन जारी है. हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम ने आईपीएल 2023 के फाइनल में भी जगह बना ली है. गुजरात ने क्वालिफायर-2 के मुकाबले में 5 बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस को 62 रन से शिकस्त दी. अब 28 मई को अहमदाबाद के ही नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल में गुजरात की भिड़ंत चेन्नई सुपर किंग्स से होगी. शुभमन गिल के शतक के दम पर पहले खेलते हुए गुजरात टाइंस ने 233 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में मुंबई की टीम 171 रन ही बना सकी. 
मैच की बात करें, तो तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने 2.2 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट झटके. मोहित को गुजरात टाइटंस ने ऑक्शन में सिर्फ 50 लाख रुपये में खरीदा था. पहली 2 गेंद पर उन्हें विकेट नहीं मिला था. अगली 12 गेंद पर उन्होंने 5 विकेट लेकर मुंबई इंडियंस की पारी को बिखेर कर रख दिया. इसमें सूर्यकुमार यादव का बड़ा विकेट भी शामिल है. आईपीएल 2023 की बात करें, तो मोहित अब तक 24 विकेट ले चुके हैं और ओवरऑल सबसे अधिक विकेट के मामले में तीसरे नंबर पर हैं. मोहित शर्मा ने 15वें ओवर में मुंबई इंडियंस को 2 बड़े झटके दिए. तीसरी गेंद पर उन्हाेंने सूर्यकुमार यादव को बोल्ड कर दिया. सूर्या इस समय काफी आक्रामक दिखाई दे रहे. दूसरी गेंद पर उन्होंने बड़ा छक्का भी जड़ा था. वे 38 गेंद पर 61 रन बनाकर आउट हुए. फिर मोहित ने 5वीं गेंद पर विष्णु विनोद को भी चलता कर दिया. वे चोटिल ईशान किशन की जगह बल्लेबाजी करने उतरे थे. विनोद ने 5 रन बनाए.मोहित शर्मा ने 17वें ओवर में भी मुंबई इंडियंस के 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा और उसकी उम्मीद को पूरी तरह तोड़कर रख दिया. उन्होंने पहली गेंद पर क्रिस जॉर्डन को साईं सुदर्शन के हाथों कैच कराया. जॉर्डन ने 5 गेंद पर 2 रन बनाए. फिर तीसरी गेंद पर पीयूष चावला भी चलते बने. चावला 2 गेंद पर शून्य रन बनाकर आउट हुए.मोहित शर्मा ने अपने तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर कुमार कार्तिकेय को डेविड मिलर के हाथों कैच कराकर गुजरात टाइटंस की जीत पक्की कर दी. मुंबई की पारी 18.2 ओवरों में 171 रन पर सिमट गई. तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और लेग स्पिनर राशिद खान को भी 2-2 विकेट मिले. शमी 28 विकेट लेकर टॉप पर चल रहे हैं और पर्पल कैप उन्हीं के पास है.
गुजरात टाइटंस को क्वालिफायर-1 में चेन्नई सुपर किंग्स से हार मिली थी. लेकिन उसने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अच्छा खेल दिखाया. आईपीएल 2022 में टीम ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था. अब पंड्या लगातार दूसरा टाइटल जीतना चाहेंगे. एमएस धोनी भी आईपीएल 2023 का खिताब जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स को 5वां टाइटल दिलाना चाहेंगे. अभी मुंबई इंडियंस की टीम 5 खिताब जीतकर टॉप पर है. 41 साल के धोनी के संन्यास की बात भी सामने आ रही है, लेकिन उन्होंने पिछले मैच के बाद कहा था कि दिसंबर में ऑक्शन है. इसके बाद भी वे कुछ फैसला करेंगे. 

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups