उत्तराखंड की भाजपा सरकार के जीरो टाॅलिरेंस की कलई खुली : गणेश गोदियाल
देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। निर्वतमान अध्यक्ष गणेश गोदियाल (Ganesh Godiyal) के नेतृत्व में सोमवार को राज्य में को-आपरेटिव बैंक के चतुर्थ श्रेणी पदों की निुयक्ति में हुए घोटाले की जांच की मांग को लेकर सचिवालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस (Congress) अध्यक्ष करण माहरा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
इस अवसर पर गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। रोजगार के नाम पर युवाओं से उनके परिवार की खून-पसीने की कमाई डकारी जा रही है। राज्य को-आपरेटिव बैंक में चतुर्थ श्रेणी के पदों की भर्ती में हुए भारी भ्रष्टाचार ने सरकार की कलई खोल कर रख दी है। इससे पूर्व भी को-आपरेटिव बैंक में रिक्त पदों पर हुई भर्ती में भारी भ्रष्टाचार को अंजाम देने की नीयत से चयन परीक्षा उत्तराखंड के किसी स्थान पर कराने की बजाय नोएडा में आयोजित कर स्थानीय बेरोजगार नौजवानों के हक को मारा गया।
गणेश गोदियाल ने को-आपरेटिव बैंक में चतुर्थ श्रेणी पदों के चयन में हुए घोटाले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि पिछली सरकार में उच्च न्यायालय नैनीताल द्वारा अपने फैसले में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते तत्कालीन मुख्यमंत्री के मामले में सीबीआई और पक्षकारों को अपना जवाब दाखिल करने के लिए दो दिन में का वक्त दिया था। मुख्यमंत्री पर लगे भ्रष्टाचार (Corruption) के आरोपों से भाजपा सरकार के जीरो टाॅलिरेंस की कलई खुल चुकी थी और यह सिद्ध हो चुका था कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। वरिष्ठ मंत्री द्वारा अपनी ही सरकार में हो रहे भ्रष्टाचार को खुले रूप में स्वीकारने की घटना से स्पष्ट हो गया था कि भाजपा सरकार में हर स्तर पर भारी लूट हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार मुक्ति का दंभ भरने वाली सरकार की नाक के नीचे कुंभ मेले में कोरोना टेस्टिंग महाघोटाले का मामला जनता के सामने है, जिसमें इस महामारी में आपदा में अवसर का लाभ लेते हुए आम जनता की गाढ़ी कमाई से जमा टैक्स के करोड़ो रुपये की लूट हुई, लेकिन भाजपा सरकार ने इस मामले की जांच को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टाॅलिरेंस का दावा करने वाली उत्तराखण्ड सरकार द्वारा हर स्तर पर भ्रष्टाचार को प्राश्रय दिया है। चाहे एनआरएचएम घोटाला हो, छात्रवृत्ति घोटाला हो, सिडकुल घोटाला या को-आपरेटिव बैंक में नियुक्तियों में हुए घोटाले। भाजपा सरकार (BJP government) में भ्रष्टाचार और घोटालों की लम्बी फेहरिस्त है। लोकायुक्त बिल को लटकाए रखना भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार पर जीरो टाॅलिरेंस (zero tolerance) की कलई पहले ही खोल चुका हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बेरोजगार युवाओं के साथ हुए अन्याय को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी तथा इसको लेकर सड़क से लेकर सदन तक जनता की लड़ाई लडे़गी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मनोज रावत, महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी, नवीन जोशी, गोदावरी थापली, पी.के.अग्रवाल, उपाध्यक्ष पूरण सिंह रावत, वरिष्ठ प्रवक्ता डाॅ. आर.पी. रतूड़ी, प्रवक्ता गरिमा दसौनी, राजेश चमोली, गौरव चैधरी, जिलाध्यक्ष अश्विनी बहुगुणा, बब्बन सती, अभिनव थापर, रेणु नेगी, नरेशानन्द नौटियाल, दिवाकर चमोली, शिशुपाल बिष्ट, सतीश पंत, सोनू हसन, देवेन्द्र सती आदि अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Apr 11 , 2022, 02:30 AM