नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने बुधवार को कहा कि पंजाब की हार से बौखलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हत्या करवाना चाहती है। सिसोदिया ने बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज केजरीवाल के घर पर पुलिस के साथ मिलकर भाजपा के लोगों ने तोड़फोड़ की है। सिसोदिया ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस पुलिस को उन्हें रोकना चाहिए था वह पुलिस उपद्रवियों को लेकर आई। दिल्ली में मुख्यमंत्री के घर पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर सीसीटीवी कैमरे और सिक्योरिटी बैरियर (security barrier) तोड़ दिए है। गेट पर लगे बूम बेरियर भी तोड़ दिए है ।
उल्लेखनीय है कि उत्तरी जिले के सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के आवास के सामने बुधवार को आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की और जमकर नारे लगाये। प्रदर्शनकारियों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिये। यह विरोध प्रदर्शन कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर विधानसभा में दिए गए अरविंद केजरीवाल के बयान के विरोध में हो रहा था। पुलिस ने इस मामले में करीब 70 लोगों को हिरासत में लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
उत्तरी जिले के डीसीपी सागर सिंह कलसी ने बताया कि भाजपा युवा मोर्चा (BJP Yuva Morcha) की ओर से सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। सुबह लगभग 11:30 बजे 150 से 200 प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री निवास के पास पहुंचे। वे सभी मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में कश्मीर फाइल्स फिल्म (Kashmir Files movie) को लेकर दिए गए बयान का विरोध कर रहे थे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Mar 30 , 2022, 04:33 AM