महानगर संवाददाता
मुंबई। प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें कुर्सी संभाले ढाई साल हो चुके हैं, अब उन्हें व्यंग्य बाण चलाने के बजाय कामकाज पर ध्यान देना चाहिए। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये (Keshav Upadhyay) ने कहा कि अब मुख्यमंत्री को व्यंग्य बाण चलाने के बजाय प्रदेश की गंभीर समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए। राज्य की जनता के सामने एसटी हड़ताल, मराठा आरक्षण, ओबीसी आरक्षण सहित कई समस्याएं हैं, जिस पर मुख्यमंत्री ठाकरे कभी नहीं बोलते। मुख्यमंत्री की नाकामी के कारण विकास कार्य ठप हैं। जबरन वसूली (Extortion), हत्या, बलात्कार व भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उपाध्ये ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा था कि मुंबई सोने के अंडे देने वाली मुर्गी है, पर इस मुर्गी को कैसे लूटा गया यह मुंबई मनपा की स्थायी समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव प्रकरण से साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि जाधव की डायरी से इस बात का खुलासा हुआ है कि ‘मातोश्री’ को 2 करोड़ नकद और 50 लाख की घड़ी दी गई है। इस पर भी मुख्यमंत्री ठाकरे चुप क्यों हैं? इस मामले में जाधव की कथित मातोश्री की जांच होनी चाहिए। उपाध्ये ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में ठाकरे सरकार जनता के लिए कुछ नहीं कर सकी है।
पेट्रोल-डीजल पर कम किया जाए वैट: भंडारी
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष माधव भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार का सीएनजी (CNG) पर मूल्य वर्धित कर (वैट) 10 प्रतिशत कम करने के निर्णय का स्वागत है। उन्होंने मांग की कि अब राज्य सरकार को पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करके आम लोगों को राहत देनी चाहिए। भंडारी ने कहा कि पिछले डेढ़ साल से पेट्रोल-डीजल (petrol-diesel) पर वैट कम करने की मांग भाजपा कर रही है, लेकिन इस सरकार ने हमारी इस मांग की ओर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 21 के दिन पेट्रोल- डीजल के उत्पादन शुल्क पर क्रमशः 5 व 10 रुपए की कटौती की। इसके ठीक पीछे 25 राज्य सरकारों ने पेट्रोल-डीजल पर मूल्यवर्धित कर में कटौती करके जनता को राहत दी, लेकिन महाराष्ट्र ने पेट्रोल- डीजल पर वैट को अभी भी कम नहीं किया है। पेट्रोल, डीजल को जीएसटी (GST) के दायरे में लाने को भी महाराष्ट्र ने विरोध किया है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Mar 28 , 2022, 09:22 AM